• Home
  • News
  • Politics heats up over Dehradun shooting incident: Rahul Gandhi attacks, says law and order in Uttarakhand completely destroyed

देहरादून गोलीकांड पर गरमाई सियासत: राहुल गांधी का हमला, बोले—उत्तराखंड में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त

  • Awaaz Desk
  • March 31, 2026 11:03 AM
Politics heats up over Dehradun shooting incident: Rahul Gandhi attacks, says law and order in Uttarakhand completely destroyed

देहरादून। राजधानी देहरादून में सोमवार को हुए गोलीकाण्ड को लेकर जहां सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं, वहीं अब सियासत भी गरमाती हुई नजर आ रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस घटना को लेकर गहरी चिंता जताते हुए राज्य की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि दिनदहाड़े मॉर्निंग वॉक पर निकले एक सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर की निर्मम हत्या इस बात का संकेत है कि उत्तराखंड में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने लिखा कि जो लोग सरहद पर देश की रक्षा करते हैं, वे ही आज अपने ही शहर में सुरक्षित नहीं हैं, जो बेहद चिंताजनक है। अपने बयान में राहुल गांधी ने राज्य सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि आम नागरिक और विभिन्न समुदायों में डर का माहौल है, जबकि अपराधी बेखौफ होकर घूम रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में कानून का भय खत्म होता जा रहा है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। राहुल गांधी ने आगे कहा कि कभी शांति और सुरक्षा के लिए पहचाना जाने वाला उत्तराखंड आज हिंसा, हत्या और भय के साये में सिमटता जा रहा है। उन्होंने इसे राज्य के नेतृत्व की विफलता बताते हुए सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की। गौरतलब है कि देहरादून के जोहड़ी क्षेत्र में सोमवार को हुई फायरिंग की घटना में एक निर्दोष सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर की जान चली गई थी, जिसके बाद पूरे प्रदेश में आक्रोश का माहौल है। इस मामले में पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है और जांच जारी है, लेकिन अब यह मुद्दा राजनीतिक बहस का केंद्र बन गया है।
 


संबंधित आलेख: