बारिश का अलर्टः सीएम धामी ने ली बैक-टू-बैक तीन महत्वपूर्ण बैठक, आपदा परिचालन केंद्र पहुंचे
देहरादून। उत्तराखण्ड में मौसम मौसम मिजाज बगड़ा हुआ है। मौसम विभाग ने भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया हुआ है, जिसके चलते शासन प्रशासन अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है। इस दौरान कई जगहों पर बारिश का दौर जारी है, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित नजर आ रहा है। बारिश के चलते पहाड़ों पर भूस्खलन की खबरें भी सामने आई हैं। इस बीच मौसम के तल्ख तेवरों को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को बैक-टू-बैक तीन महत्वपूर्ण बैठक की। इसके बाद वह अचानक आपदा परिचालन केंद्र पहुंचे। औचक निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से प्रदेश में हो रही भारी वर्षा और मौसम की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में वर्षा जनित आपदा से उत्पन्न परिस्थितियों की समीक्षा की। आपदा परिचालन केंद्र में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर राहत, बचाव और सतर्कता उपायों की स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने एवं आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।