• Home
  • News
  • Rain and Snowfall Alert Issued for Several Districts of Uttarakhand; Stay Alert.

उत्तराखंड के कई जिलों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी, रहें सतर्क

  • Tapas Vishwas
  • March 19, 2026 08:03 AM
Rain and Snowfall Alert Issued for Several Districts of Uttarakhand; Stay Alert.

उत्तराखंड में इन दिनों मौसम का मिजाज तल्ख है। प्रदेश के कई जिलों में बारिश का दौर जारी है, जबकि उच्च हिमालयी क्षेत्रों में जमकर बर्फबारी हो रही है। वहीं मौसम विभाग ने आज फिर बारिश और बर्फबारी को लेकर अलर्ट जारी किया है। वहीं बारिश और बर्फबारी से तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है।  वहीं बीती रात गंगोत्री धाम में बर्फबारी शुरू हो गई है। 

उत्तराखंड में पर्वतीय क्षेत्रों से लेकर मैदान तक आसमान में बादल छाए हुए हैं। जबकि पर्वतीय जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो रही है और निचले क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी है। वहीं देहरादून मौसम विभाग ने उत्तराखंड राज्य के सभी जनपदों के अनेक स्थानों में हल्की से मध्यम वर्षा गरज व आकाशीय बिजली चमकने के साथ होने की संभावना जताई है। जबकि 3000 मीटर व उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने का अंदेशा जताया है। राज्य के हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जनपदों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि/ झक्कड़ (50-60 किमी प्रति घंटा तक) चलने का पूर्वानुमान जताया है। जिसके लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा,बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने / झोंके दार हवाएं ( 40-50 किमी प्रति घंटा तक) चलने की संभावना जताई है। उत्तराखंड के बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने का अंदेशा जताया गया है। जबकि राज्य के पवातीय जनपदों में कहीं-कहीं बारिश का तीव्र दौर होने की संभावना जताई है। जिसके लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही लोगों को सचेत रहने की अपील की है। देहरादून में आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों में हल्की से मध्यम बारिश गरज व आकाशीय बिजली चमकने के साथ हो सकती है , ओलावृष्टि / झोंके दार हवाएं (40-50 किमी प्रति घंटा) चलने की संभावना है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमशः 23°C तथा 13°C के लगभग रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटे के दौरान, उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से लेकर सामान्य से अधिक रहा। तापमान पर्वतीय क्षेत्रों में सामान्य से अत्यंत नीचे से लेकर सामान्य रहा। 


संबंधित आलेख: