• Home
  • News
  • Rain has compounded difficulties in Uttarakhand; seven motor roads, including NH-109, are closed in Bageshwar, and a vehicle carrying a funeral procession is also stuck in a traffic jam.

उत्तराखंड में बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें, बागेश्वर में NH-109 समेत 7 मोटरमार्ग बंद, शवयात्रा लेकर जा रहा वाहन भी जाम में फंसा

editor
  • Awaaz Desk
  • September 08, 2026 11:09 AM
Rain has compounded difficulties in Uttarakhand; seven motor roads, including NH-109, are closed in Bageshwar, and a vehicle carrying a funeral procession is also stuck in a traffic jam.

बागेश्वर। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण बागेश्वर जिले में जनजीवन और यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो गई है। कपकोट और गरुड़ क्षेत्र में तेज बारिश के चलते जगह-जगह भूस्खलन और पहाड़ दरकने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसके कारण एक राष्ट्रीय राजमार्ग समेत जिले के सात मोटरमार्ग बंद हो गए हैं। सड़कें बंद होने से कई ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क प्रभावित हुआ है, वहीं मुख्य मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। बागेश्वर-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग NH-109 पर रवाईखाल के पास पहाड़ दरकने से सोमवार रात से यातायात पूरी तरह बाधित है। पहाड़ी से बड़ी मात्रा में पत्थर और मलबा सड़क पर आने के कारण मार्ग बंद हो गया। सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में वाहन फंस गए हैं। यात्रियों को मार्ग खुलने का इंतजार करना पड़ रहा है। स्थिति का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वाहनों के साथ एक शवयात्रा लेकर जा रही बस भी जाम में घंटों से फंसी हुई है। इससे यात्रियों और शवयात्रा में शामिल लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग बंद होने की सूचना के बाद स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर राहत कार्य में जुटी हैं। सड़क पर आए बड़े-बड़े पत्थरों और मलबे को हटाने का काम जारी है। लगातार बारिश के बीच पहाड़ी से दोबारा मलबा आने की आशंका के कारण सड़क खोलने में समय लगने की संभावना है। प्रशासन की ओर से मार्ग को जल्द से जल्द यातायात के लिए खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, यात्रियों से मौसम और सड़क की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की गई है। सड़कों के बंद होने से रोजमर्रा के काम से आवाजाही करने वाले स्थानीय लोगों के साथ ही लंबी दूरी के यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। ग्रामीण क्षेत्रों से मुख्य बाजार और अन्य स्थानों तक पहुंचना भी मुश्किल हो गया है। लगातार बारिश के कारण जिले में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है, जिससे प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग की चुनौती भी बढ़ गई है।


संबंधित आलेख: