• Home
  • News
  • Rain havoc in Uttarakhand! Bus and truck buried under debris in Tehri Garhwal, villagers blame the administration

उत्तराखण्ड में बारिश का हाहाकार! टिहरी गढ़वाल में मलबे में दबे बस और ट्रक, ग्रामीणों ने प्रशासन पर लगाए आरोप

editor
  • Awaaz Desk
  • April 12, 2025 06:04 AM
 Rain havoc in Uttarakhand! Bus and truck buried under debris in Tehri Garhwal, villagers blame the administration

टिहरी। उत्तराखण्ड में कई जगहों पर बारिश ने हाहाकार मचाया हुआ है। टिहरी गढ़वाल में तेज बारिश ने जन जीवन अस्तव्यस्त कर दिया है। यहां ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर चंबा में भारी मात्रा में मलबा आने से एक बस और ट्रक उसकी चपेट में आ गए और दोनों वाहन मलबे में दब गए। बस के अंदर मलबा भर गया है। बस ड्राइवर के मुताबिक वह गाड़ी के अंदर बैठे थे। तभी ऊपर गदेरे से पानी और मलबा एक साथ आ गया। हमें बस हटाने का समय तक नहीं मिला। देखते ही देखते बस मलबे की चपेट में आ गई। ड्राइवर ने बताया कि उन्होंने बस निकालने की काफी कोशिश की, लेकिन मलबा इतनी तेजी से आया कि वो अपने प्रयास में सफल नहीं हो सके। प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि नेशनल हाईवे के ऊपर हो रहे निर्माण कार्यों के कारण ये मलबा आया है। लोगों ने कहा कि वो पहले भी ऊपर डाले गए मलबे को लेकर वो डीएम को जानकारी दे चुके थे, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। गौरतलब है कि बुधवार को भी उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश हुई थी। उस बारिश ने गढ़वाल से लेकर कुमाऊं तक कहर बरपाया था। चमोली जिले को थराली में बरसाती नाले में अचानक बहुत अधिक पानी आया और देखते ही देखते मलबे का ढेर लग गया था। उस मलबे में 10 से ज्यादा वाहन दब गए थे। इसी तरह पिथौरागढ़ जिले के बेरीनाग में भयानक ओलावृष्टि हुई थी। ओलों से पेड़ों पर लगे फल और खेतों में खड़ी फसलें बर्बाद हो गई थीं।


संबंधित आलेख: