• Home
  • News
  • Rain havoc: Rivers took a fierce form! Huge elephants were swept away in the strong current of Kosi river, video went viral

बारिश का कहरः नदियों ने लिया रौद्र रूप! कोसी नदी के तेज बहाव में बह गए विशाल हाथी, वायरल हुआ वीडियो

editor
  • Awaaz Desk
  • September 02, 2025 10:09 AM
Rain havoc: Rivers took a fierce form! Huge elephants were swept away in the strong current of Kosi river, video went viral

रामनगर। उत्तराखण्ड में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। इस दौरान जहां पहाड़ों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं, वहीं मैदानी इलाकों में नदी-नाले उफान पर हैं। बारिश के चलते कई मार्ग भी अवरूद्ध हुए हैं। हालात ये हैं कि बारिश की मार जानवरों को भी झेलनी पड़ रही है। रामनगर के मोहान और कुमेरिया से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें कोसी नदी का उफान और उसके बीच दो विशाल हाथियों की बचने की जद्दोजहद साफ दिखाई देती है। तेज बहाव के बीच यह दोनों गजराज बहते हुए नजर आते हैं। यह दृश्य इतना खतरनाक था कि वहां से गुजर रहे ग्रामीणों ने तुरंत अपने मोबाइल कैमरे में इसे कैद कर लिया। बताया जा रहा है कि भारी बारिश के चलते कोसी नदी का जलस्तर अचानक काफी बढ़ गया है। ऐसे में जंगल के भीतर से गुजरते वक्त यह हाथी का जोड़ा नदी में उतर गया, लेकिन तेज धारा ने उन्हें बहाव में खींच लिया। हालांकि यह राहत की बात है कि दोनों हाथियों ने गजब की फुर्ती दिखाई और कुछ ही देर बाद सुरक्षित किनारे पर आ पहुंचे। स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में इस तरह की घटनाएं अक्सर देखने को मिलती हैं। जब नदी-नाले उफान पर होते हैं, तो जंगली जानवरों को नदी पार करने में दिक्कत होती है। कई बार हिरण, सांभर और तेंदुए जैसे जानवर भी तेज बहाव में बह जाते हैं। वैसे भी कोसी नदी का बहाव बहुत तेज रहता है, मगर इस बार तो नजारा अलग था।


संबंधित आलेख: