रामनवमीः घर-घर में हुआ कन्या पूजन! मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब, सीएम धामी ने पत्नी संग की पूजा अर्चना
देहरादून। आज देशभर में रामनवमी का पर्व आस्था और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस दौरान घर-घर में कन्या पूजन भी हुआ। इस दौरान मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ आया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रामनवमी और दुर्गा नवमी के अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में सपरिवार पूजा-अर्चना की। सीएम धामी ने पत्नी संग नौ दुर्गा की प्रतीक नौ कन्याओं का पूजन किया। इस मौके पर सीएम धामी ने प्रदेशवासियों को रामनवमी की शुभकामना दी। साथ ही प्रदेश की खुशहाली व प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। बता दें कि नवमी के दिन कन्या पूजन का विशेष महत्व माना जाता है। इसलिए श्रद्धालुओं द्वारा घरों और मंदिरों में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों का प्रतीक मानी जाने वाली कन्याओं का पूजन किया जाता है। इस दौरान श्रद्धालुओं ने कन्याओं के पैर धोकर, माथे पर चंदन और रोली लगाकर उनकी पूजा की। जिसके बाद कन्याओं को खीर-पूड़ी का भोग लगाया गया और उनका आशीर्वाद लिया गया।