रामनगरः ग्राम ढिकुली में ‘अपशिष्ट प्रबंधन और सतत जीवन शैली’ पर विशेष कार्यक्रम आयोजित! पर्यावरण संरक्षण पर हुआ मंथन, लोगों को किया जागरूक
रामनगर। रामनगर के ग्राम ढिकुली में अंकुरम ग्लोबल एकेडमी और ‘नेचर साइंस इनिशिएटिव’ के सहयोग से ‘अपशिष्ट प्रबंधन और सतत जीवन शैली’ पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजित किया गया। यह आयोजन सतत जीवन के उत्सव के रूप में मनाया गया, जिसका नेतृत्व स्वयं छात्रों ने किया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूली बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों के बीच जागरूकता और सतत जीवन शैली के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना था। इस अवसर पर विभिन्न शैक्षणिक स्टॉल और कार्यशालाएं आयोजित की गईं, जिनमें अपशिष्ट प्रबंधन, पुनः उपयोग और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। कचरे के उचित निपटान और पुनर्चक्रण (रिसाइकलिंग) के महत्व के प्रति आम जनता को जागरूक भी किया गया। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ‘अनंत प्लेट बैंक’ का उद्घाटन रहा, जिसे ढिकुली के सभी निवासियों के लिए खोला गया है। यह पहल लोगों को अपने आयोजनों को अपशिष्ट-मुक्त बनाने के लिए प्रेरित करेगी।

कार्यक्रम का उदघाटन जीआईसी ढिकुली के प्रधानाचार्य आसाराम निराला द्वारा किया गया। उन्होंने बच्चों द्वारा वेस्ट मटेरियल से निर्मित विभिन्न प्रकार के जीवनोपयोगी सामग्री का अवलोकन कर सतत विकास की इस प्रक्रिया को सराहा। इस अवसर पर एनएसआई की सचिव सौम्या प्रसाद ने कहा कि अपनी पृथ्वी एवं इसके वातावरण को स्वच्छ रखने में वर्तमान एवं भावी दोनों पीढ़ियों का समन्वय एवं सहयोग जरूरी है। अंकुरम ग्लोबल अकैडमी की प्रधानाचार्य हिमानी छिमवाल ने कहा कि इस पहल से छात्रों द्वारा रीसाइकिल वेस्ट द्वारा बनाए गए प्रोडक्ट्स से स्थानीय जनता को कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अंकुरम ग्लोबल अकादमी के छात्रों द्वारा इको ब्रिक्स बनाने व प्रकृति संरक्षण पर नुक्कड़ नाटक के द्वारा सभी को पर्यावरण संरक्षण, वेस्ट मैनेजमेंट, सतत विकास प्रबंधन पर संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में ‘अंकुरम ग्लोबल एकेडमी’ के नन्हे शेफ्स द्वारा एक विशेष कोना भी सजाया गया था, जहां उन्होंने स्वादिष्ट व स्वास्थ्य के लिए लाभदायक, मिलेट्स और बीजों से बने व्यंजन परोसे। वहीं अंकुरम ग्लोबल अकैडमी के प्रबंधक भुवन छिमवाल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान बाल कल्याण समिति ढिकुली के उपाध्यक्ष प्रोफेसर गोविंद सिंह रावत, आयुष छिमवाल, बबीता जोशी, दीपा रावत, शोभा जोशी, रीना, वर्षा, प्रियंका रावत, हरिशंकर, रुचि आर्या, दीपा सती, प्रेमा तिवारी, बबीता, रुचि पांडे, शीतल आर्या, दिनेश चंद्र सिंह रावत, सीबीएस कन्याल, रमेश बिष्ट, लोकेश सिंह रावत, संजय छिमवाल, कैलाश शर्मा, राजेश भट्ट, धीरेंद्र छिमवाल, नरेंद्र नैनवाल, ललित छिमवाल आदि मौजूद रहे।