उत्तराखंड में चटक धूप और उमस से मिलेगी राहत, 50 किमी की रफ्तार से आंधी और बारिश का 'येलो अलर्ट'
देहरादून। उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से चटख धूप और भीषण उमस से बेहाल लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विज्ञान केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, सोमवार से राज्य के तापमान में गिरावट आने और गर्मी से बड़ी राहत मिलने के आसार हैं। हालांकि, रविवार को मैदान से लेकर पहाड़ तक चटक धूप ने अपने कड़े तेवर दिखाए, जिससे पारा सामान्य से ऊपर चला गया और लोग पसीने से तर-बतर नजर आए। लेकिन अब मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है।
रविवार को सुबह से ही निकली तेज धूप के कारण राजधानी देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री बढ़कर 36.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, रात का न्यूनतम तापमान भी एक डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मैदानी इलाकों के साथ-साथ पर्वतीय क्षेत्रों के अधिकतम तापमान में भी एक से दो डिग्री तक का इजाफा दर्ज किया गया, जिससे पहाड़ी इलाकों में भी दोपहर के समय हल्की गर्मी महसूस की गई। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की चेतावनी जारी की है। देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, टिहरी, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झक्कड़ (तूफान) चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही पर्वतीय जिलों के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की भी संभावना जताई गई है, जिससे तपिश में कमी आएगी। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, उत्तराखंड में मानसून के आगमन की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। प्रदेश में 22 से 25 जून के बीच मानसून के पहुंचने की प्रबल उम्मीद है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में प्री-मानसून की गतिविधियां बढ़ेंगी, जिसके चलते 27 जून तक पूरे प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला-बदला रहेगा। इस बदलाव से मैदानी इलाकों में चल रही उमस भरी गर्मी से लोगों को पूरी तरह निजात मिल जाएगी।