• Home
  • News
  • Republic Day is being celebrated with pomp in Uttarakhand! Programs held at various places, pledge taken for unity and integrity

उत्तराखण्ड में धूमधाम से मनाया जा रहा गणतंत्र दिवस! जगह-जगह हुए कार्यक्रम, एकता और अखंडता का लिया संकल्प

editor
  • Awaaz Desk
  • January 26, 2025 10:01 AM
Republic Day is being celebrated with pomp in Uttarakhand! Programs held at various places, pledge taken for unity and integrity

देहरादून। उत्तराखण्ड में आज 76वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया जा रहा है। प्रदेशभर में आज जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित हुए। इसी क्रम में उत्तराखंड उच्च न्यायालय में 76वं गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया है। इस दौरान उत्तराखंड उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति  मनोज तिवारी ने झंडा रोहण किया। इस दौरान हाईकोर्ट के अन्य जजों के साथ स्टॉफ व अधिवक्ता मौजूद रहे। झंडा रोहण के बाद सभी लोगों ने देश की अखंडता प्रभुत्व पथ निरपेक्ष लोकतंत्र स्थापित करने की प्रतिज्ञा ली और राष्ट्र की एकता और अखंडता का संकल्प लिया।

इधर हरिद्वार स्थित पतंजलि वेलनेस फेस 2 के योग भवन हेलीपैड पर गणतंत्र दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। योगगुरु स्वामी रामदेव और आचार्य बालकृष्ण ने ध्वजारोहण कर 76वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर परेड और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। इस दौरान आचार्य बालकृष्ण ने भी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। 

उधर लालकुआं में 76 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर 34वीं वाहिनी भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) हल्दूचौड़ में कमांडेंट अनिल सिंह बिष्ट द्वारा ध्वज फहराया गया। गणतंत्र दिवस परेड के परेड कमांडर, सहायक कमांडेंट की अगुवाई में सभी पदाधिकारियों द्वारा तिरंगे को सलामी दी गई। कमांडेंट अनिल सिंह बिष्ट ने सभी जवानों को एवं उनके परिवार को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी और भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल के जिन जवानों को पुलिस पदक से अलंकृत हुए हैं उन्हें भी हार्दिक बधाई तथा शुभकामनाएं दी गई। 

इधर देहरादून के पुलिस मुख्यालय में डीजीपी दीपम सेठ द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों को उनके कर्तव्य की शपथ दिलाई गई। वहीं राज्यपाल उत्कृष्ट सेवा पदक के 8 पदक, विशिष्ट और सेवा के आधार पर पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क गोल्ड और सिल्वर से 45 अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। डीजीपी ने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सभी पुलिस कर्मियों को पदक मिलने की बधाई दी।

उधर गणतंत्र दिवस के अवसर पर अल्मोड़ा पुलिस लाइन में भव्य परेड का आयोजन किया गया, जिसमें केंद्रीय सड़क एवं राज्य राजमार्ग मंत्री मौजूद रहे। केंद्रीय सड़क एवं राज्य राजमार्ग मंत्री अजय टम्टा ने राष्ट्रीय ध्वज फहरा कर परेड की सलामी ली। केन्द्रीय राज्य मंत्री ने देशवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी।

इधर रुद्रपुर में कृषि मंत्री गणेश जोशी ने गणतंत्र दिवस के मौके पर पुलिस लाइन में ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने मार्च पास्ट सलामी ली। कार्यक्रम में परेड निकाली गई, जिसमें विभिन्न विभागों ने झांकिया निकाली। कृषि मंत्री ने कहा कि आज के दिन ही भारत को अपना संविधान मिला और यह संविधान भारत के लोगों को एक सूत्र में बांधता है। 

उधर सरोवर नगरी नैनीताल के डीएसए मैदान में 76वां गणतंत्र दिवस बड़ी धूमधाम से मनाया गया। नैनीताल पहुंची प्रभारी मंत्री रेखा आर्या ने तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली। गणतंत्र दिवस की परेड में रैगुलर पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, फायर और पीएसी सहित सीपीयु के जवान, एनसीसी कैडिटों के साथ विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक झांकियां भी निकाली गई।

इधर उत्तरकाशी में भी गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। यहां ज्ञानपुर पुलिस लाइन में पुलिस, पीआरडी, आईटीबीपी के जवान, एनसीसी गर्ल्स, एनसीसी बॉयज, एसडीआरएफ, फायर ब्रिगेड और आर्मी के जवानों के द्वारा परेड का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी मेहरबान सिंह बिष्ट द्वारा परेड को सलामी दी गई।

उधर पहाड़ों की रानी मसूरी में नगर पालिका प्रशासन द्वारा सर्वे चौक पर गणतंत्र दिवस का कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें परमप्रज्ञ जगतगुरु प्रोफेसर पुष्पेंद्र कुमार आर्यम ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। वहीं दूसरी ओर मसूरी पिक्चर पैलेस स्थित तिलक मेमोरियल लाइब्रेरी में मसूरी नगर पालिका की नवनियुक्त अध्यक्ष मीरा सकलानी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।


संबंधित आलेख: