दो दिवसीय प्रवास पर देहरादून पहुंचे आरएसएस सरसंघचालक मोहन भागवत, पूर्व सैनिकों से करेंगे संवाद
देहरादून। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत दो दिवसीय प्रवास पर शनिवार देर शाम देहरादून पहुंच गए। संघ के शताब्दी वर्ष के अंतर्गत आयोजित संवाद कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए उनका यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। शहर में उनके आगमन को लेकर संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया। डॉ. भागवत तिलक रोड स्थित जन कल्याण व्यास पहुंचे, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे। रविवार को वे प्रमुख जनों के साथ संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम दोपहर दो बजे से नींबूवाला स्थित संस्कृति विभाग के ऑडिटोरियम में आयोजित किया जाएगा। इसमें गढ़वाल मंडल के विभिन्न जिलों से सामाजिक, शैक्षणिक और अन्य संगठनों के प्रमुख व्यक्तियों को आमंत्रित किया गया है।
विशेष बात यह है कि इस संवाद कार्यक्रम को विशुद्ध रूप से सामाजिक प्रतिनिधियों के लिए रखा गया है। मंत्री, विधायक और संघ के सामान्य कार्यकर्ताओं को इस कार्यक्रम से अलग रखा गया है, ताकि विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख लोगों के साथ सार्थक और केंद्रित चर्चा हो सके। कार्यक्रम में करीब एक हजार लोगों के शामिल होने की संभावना है। दौरे के दूसरे दिन आयोजित संवाद कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों को आमंत्रित किया गया है। इस कार्यक्रम में भी लगभग एक हजार प्रतिभागियों की उपस्थिति रहने का अनुमान है। संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित इन संवादों का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों के साथ विचार-विमर्श कर राष्ट्रीय विषयों पर व्यापक दृष्टिकोण साझा करना है। डॉ. भागवत रविवार सुबह जन कल्याण व्यास में ही रहेंगे और इसके बाद निर्धारित समय पर संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे। उनके इस प्रवास को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।