रुद्रप्रयाग हादसाः सीसीटीवी में कैद हुआ खौफनाक मंजर! तेज रफ्तार ने ली दो जानें, परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
रुद्रप्रयाग। उत्तराखण्ड में शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। यहां रुद्रप्रयाग में केदारनाथ हाईवे पर भीरी बाजार स्टेट बैंक के समीप मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर खेत में जा गिरा, जिसमें सवार 6 लोगों में से 2 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 4 लोगों को 108 सेवा के माध्यम से उपचार के लिए सीएचसी अगस्त्यमुनि ले जाया गया। घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। जानकारी के मुताबिक शनिवार को मक्कूमठ से रुद्रप्रयाग की ओर आ रहा एक मैक्स वाहन अचानक भीरी के पास अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में जा गिरा। हादसे के दौरान वाहन में 6 लोग सवार थे। सूचना पर थाना ऊखीमठ एवं अगस्त्यमुनि पुलिस के साथ रेस्क्यू दल मौके पर पहुंची, जहां रेस्क्यू टीम ने खेत में गिरे वाहन से घायलों को सड़क पर पहुंचाया। रेस्क्यू टीम ने घायलों को 108 से माध्यम से उपचार के लिए सीएचसी अगस्त्यमुनि पहुंचाया गया, जबकि दो लोगों की मौके पर मौत हो गई। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा रहा है कि वाहन की रफ्तार काफी तेज थी और वाहन चालक मोड़ पर वाहन से नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क से नीचे खेत में जा गिरा। मृतकों की पहचान यूपी बिजनौर निवासी विकास पुत्र राम, शिशपाल पुत्र फूल सिंह के रूप में हुई है। वहीं टिप्पू पुत्र जगराम सिंह, सुनिल पुत्र रामकुमार, जौनी कुमार पुत्र ऋषिपाल सिंह और सुनील कुमार पुत्र लीलापथ सिंह घायल हुए हैं।