• Home
  • News
  • Rudraprayag hotel murder case revealed: Live-in partner, along with friend, killed the young woman.

रुद्रप्रयाग होटल मर्डर केस का खुलासा: लिव-इन पार्टनर ने दोस्त के साथ मिलकर की युवती की हत्या

  • Tapas Vishwas
  • March 11, 2026 11:03 AM
Rudraprayag hotel murder case revealed: Live-in partner, along with friend, killed the young woman.

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में सात मार्च को होटल के कमरे में मिली युवती की लाश के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस हत्याकांड में युवती के लिव-इन पार्टनर समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों को हरियाणा के कैथल जिले के चीका थाना क्षेत्र से पकड़कर रुद्रप्रयाग लाया गया है। पुलिस के अनुसार सात मार्च की रात करीब आठ बजे रुद्रप्रयाग कोतवाली को गैलेक्सी होटल से सूचना मिली थी कि एक कमरे में ठहरी युवती बेहोशी की हालत में पड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने होटल के कमरे को सील कर फॉरेंसिक टीम की मदद से जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि युवती छह मार्च की रात अपने लिव-इन पार्टनर और उसके एक दोस्त के साथ होटल में ठहरी थी। सात मार्च की सुबह दोनों युवक होटल से यह कहकर निकले थे कि वे थोड़ी देर में लौट आएंगे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। इस पर होटल संचालक को शक हुआ और उसने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस जांच में मृतका की पहचान काजल (लगभग 30 वर्ष), निवासी पीपली, जिला कुरुक्षेत्र (हरियाणा) के रूप में हुई। आठ मार्च को मृतका के परिजन रुद्रप्रयाग पहुंचे। मृतका के भाई अकबर की तहरीर पर पुलिस ने अरुण कुमार और उसके दोस्त अक्षय के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। एसपी रुद्रप्रयाग के निर्देश पर गठित पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मैनुअल पुलिसिंग की मदद से दोनों आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद 10 मार्च की शाम पुलिस ने दोनों को हरियाणा के चीका क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मुख्य आरोपी अरुण कुमार ने बताया कि वह पिछले चार साल से काजल के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था और दोनों परिवारों को इसकी जानकारी थी। चार मार्च को वह काजल और अपने दोस्त अक्षय के साथ घूमने निकला था। अंबाला और हरिद्वार होते हुए वे छह मार्च को रुद्रप्रयाग पहुंचे और गैलेक्सी होटल में ठहरे। सात मार्च की सुबह किसी बात को लेकर अरुण और काजल के बीच झगड़ा हो गया, जो मारपीट में बदल गया। इसी दौरान अरुण ने काजल को पकड़ लिया, जबकि अक्षय ने पहले उसका गला दबाया और बाद में उसकी ही चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों आरोपी कमरे में ताला लगाकर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ हरियाणा में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके आपराधिक इतिहास और मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।


संबंधित आलेख: