रुद्रप्रयागः जिपं अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व सदस्यों ने ली पद और गोपनीयता की शपथ
रुद्रप्रयाग। जिला पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह रूद्राक्ष होटल, गुलाबराय में बड़े हर्षोल्लास एवं गरिमामयी वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस दौरान जिला पंचायत के नव निर्वाचित प्रतिनिधियों ने जिले के समग्र विकास को लेकर सामूहिक प्रयास करने पर बल दिया। अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा ने नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम देवी कठैत को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। तत्पश्चात अध्यक्ष ने नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष रितु नेगी एवं अन्य सदस्यों को पद की शपथ दिलाई। जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम देवी कठैत ने बताया कि पंचायत के माध्यम से विकास की योजनाएं अंतिम छोर तक पहुंचाई जाएंगी तथा पारदर्शिता और जनभागीदारी को प्राथमिकता दी जाएगी। उपाध्यक्ष रितु नेगी ने बताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य एवं महिला सशक्तिकरण को पंचायत की प्राथमिकताओं में शामिल किया जाएंगा। शपथ ग्रहण समारोह सौहार्द एवं उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं प्रेषित कीं। समारोह का संचालन किशन रावत ने किया। इस अवसर पर केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, रुद्रप्रयाग विधायक भरत चौधरी, महापौर नगर निगम श्रीनगर आरती भंडारी, जनप्रतिनिधि सहित अन्य मौजूद थे।