रुद्रपुरः दबंगई करने पर कांवरियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
रुद्रपुर। रुद्रपुर के काशीपुर रोड पर कांवर यात्रा के दौरान बाईक सवार युवक पर हमलाकर उसकी बाईक तोड़ने वालों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। ओम प्रकाश पुत्र स्व. महावीर सिंह निवासी न्यू जैन कालोनी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 25 फरवरी की सुबह उसका पुत्र हर्षतलोक सिंह दूध लेने कीरतपुर गया था। तभी काशीपुर रोड पर कुछ कावड़ियों को देख अपनी बाईक के साथ किनारे पर खड़ा हो गया। बताया कि इन्हीं कावड़ियों के साथ एक व्यक्ति ने उसके पुत्र से कहा कि यहां कैसे खड़ा है और उसके साथ अभद्रता करने लगा। आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनके पुत्र के साथ मारपीट की। जिससे उसके बेटे को गम्भीर चोटें आईं। तभी अचानक पुलिस मौके पर आ गयी। बताया कि बमुश्किल पुलिस ने उन लोगों के चंगुल से उसके बेटे को एक दुकान के अन्दर छिपा कर बचाया। नहीं तो वो लोग उसे जान से मार देते। आरोप है कि उक्त लोगों द्वारा उसके पुत्र की बाईक भी तोड़ दी गई। एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।