रुद्रपुरः हाईटेंशन लाइन के नीचे हो रहा निर्माण कार्य! जान जोखिम में डालकर काम कर रहे मजदूर, उठे सवाल
रुद्रपुर। औद्योगिक क्षेत्र पंतनगर सिडकुल में हाईटेंशन लाइन के नीचे निर्माण कार्य का मामला सामने आया है। जहां निर्माण कार्य के दौरान बिजली के खंभों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। वहीं मजदूर अपनी जान जोखिम में डालकर कार्य कर रहे हैं। जिसके चलते सवाल उठ रहे हैं कि अगर कोई अनहोनी होती है तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान लापरवाही भी बरती जा रही है। वहीं बिजली विभाग के अधिकारियों ने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी है और इसे प्राथमिकता के आधार पर देखा जा रहा है। बिजली विभाग के अधिकारी ने निर्माण कंपनी पर आरोप लगाया है कि उन्होंने कार्य के दौरान बिजली विभाग से अनुमति नहीं ली और सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया। बिजली विभाग के उपखंड अधिकारी अंशुल मदन ने बताया कि सिडकुल क्षेत्र में हाईटेंशन लाइन के नीचे निर्माण काम कराये जाने की जानकारी उनको मिली है। उन्होंने मौके पर पहुंचकर खुद निरीक्षण किया है और जिस कंपनी के द्वारा निर्माण काम कराया जा रहा है उनको भी नोटिस दिया जा रहा है।