• Home
  • News
  • Rudrapur Municipal Corporation building to become hi-tech: Rs 15.74 crore approved, construction to begin soon

रुद्रपुर नगर निगम का भवन बनेगा हाईटेक: 15.74 करोड़ की मंजूरी, जल्द शुरू होगा निर्माण

  • Tapas Vishwas
  • March 22, 2026 10:03 AM
Rudrapur Municipal Corporation building to become hi-tech: Rs 15.74 crore approved, construction to begin soon

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर शहर को जल्द ही एक आधुनिक और हाईटेक नगर निगम भवन मिलने जा रहा है। लंबे समय से जर्जर हालत में चल रहे पुराने कार्यालय भवन की जगह अब तीन मंजिला बहुमंजिला इमारत बनेगी, जिसके लिए शासन ने 15.74 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। इस परियोजना से शहर की प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव आएगा और नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी। मेयर विकास शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश भर में विकास कार्यों को तेजी दी जा रही है। इसी क्रम में रुद्रपुर नगर निगम के नए भवन निर्माण को मंजूरी मिली थी और अब बजट जारी होने से कार्य शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

प्रस्तावित भवन तीन मंजिला होगा, जिसमें ग्राउंड फ्लोर, प्रथम तल और द्वितीय तल के अलावा टैरेस पर एक विशाल हॉल भी बनाया जाएगा। भवन में स्टिल्ट पार्किंग की व्यवस्था होगी, जिससे कर्मचारियों और आने-जाने वाले नागरिकों को वाहन पार्किंग की सुविधा मिलेगी। आधुनिक रिसेप्शन, वेटिंग एरिया, टैक्स कलेक्शन काउंटर, स्टोर रूम और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। ग्राउंड और प्रथम तल पर नगर निगम के विभिन्न विभागों के कार्यालय संचालित होंगे, जिससे सभी सेवाएं जैसे संपत्ति कर, जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र,सफाई, जलापूर्ति आदि एक ही छत के नीचे उपलब्ध हो सकेंगी। इससे नागरिकों को बार-बार अलग-अलग जगहों पर भटकना नहीं पड़ेगा। द्वितीय तल और टैरेस पर बने हॉल का उपयोग सामाजिक, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, सेमिनार, व्यावसायिक गतिविधियों और अन्य आयोजनों के लिए किया जाएगा। इससे नगर निगम को अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होने की संभावना भी बढ़ेगी। भवन का डिजाइन उत्तराखंड की भौगोलिक संवेदनशीलता को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। पूरी इमारत भूकंपरोधी तकनीक पर आधारित होगी, साथ ही जलवायु अनुकूल सामग्री और ऊर्जा संरक्षण के उपाय भी अपनाए जाएंगे। इससे भवन न केवल सुरक्षित और टिकाऊ बनेगा, बल्कि लंबे समय तक बिना किसी बड़े मरम्मत के संचालित हो सकेगा। नए भवन के निर्माण से नगर निगम की कार्यप्रणाली अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और कुशल बनेगी। कर्मचारियों के लिए बेहतर कार्य वातावरण और नागरिकों के लिए तेज, सुगम सेवाएं सुनिश्चित होंगी। मेयर ने कहा कि यह परियोजना रुद्रपुर को आधुनिक शहर के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। शहरवासियों ने इस फैसले का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि निर्माण कार्य समय पर पूर्ण होकर शहर को नई पहचान मिलेगी।


संबंधित आलेख: