रुद्रपुर: विशाल मेगा मार्ट के बाहर खड़ी टुकटुक चोरी करने वाला युवक गिरफ्तार
रुद्रपुर। रुद्रपुर में विशाल मेगा मार्ट के बाहर खड़ी एक टुकटुक चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने मात्र पांच दिनों के अंदर गिरफ्तार कर लिया है। चोरी हुई टुकटुक भी बरामद कर ली गई है।पुलिस के अनुसार 17 मार्च 2026 को दोपहर करीब 1 बजे बजरंग विहार कॉलोनी फूलसूंगी निवासी हरीराम पुत्र गंगाराम ने अपनी टुकटुक (रजिस्ट्रेशन नंबर UK06 ER-1426) विशाल मेगा मार्ट के बाहर से चोरी होने की सूचना दी थी। उनकी तहरीर पर रुद्रपुर कोतवाली में मुकदमा नंबर 145/26 धारा 303(2) BNS के तहत दर्ज किया गया था। पुलिस टीम ने तुरंत सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया और मुखबिर की सूचना पर 22 मार्च को अभियुक्त शुभम चौधरी (26) पुत्र सत्येंद्र सिंह चौधरी, निवासी हंस विहार कॉलोनी फेस-2, भूरारानी, रुद्रपुर को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त की निशानदेही पर चोरी की गई टुकटुक भी बरामद कर ली गई। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 317(2) BNS भी जोड़ दी है।थाना प्रभारी कोतवाली रुद्रपुर ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी के मात्र पांच दिन के अंदर सुलझा लिया। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना ने पुलिस की जांच को मजबूती दी। इस घटना से इलाके के व्यापारियों और आम नागरिकों में सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंता पर भी चर्चा हो रही है। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी और मुखबिर प्रणाली को और मजबूत किया जा रहा है, ताकि ऐसी घटनाओं पर तुरंत अंकुश लगाया जा सके।