• Home
  • News
  • Sanskrit Education Council Results Declared: Saksham Prasad Emerges as Uttarakhand Topper, Scores 99 Marks in Astrology

संस्कृत शिक्षा परिषद का परिणाम घोषित: सक्षम प्रसाद बने उत्तराखंड टॉपर, ज्योतिष विषय में हासिल किए 99 अंक

  • Tapas Vishwas
  • April 10, 2026 04:04 PM
Sanskrit Education Council Results Declared: Saksham Prasad Emerges as Uttarakhand Topper, Scores 99 Marks in Astrology

श्रीनगर (गढ़वाल)। उत्तराखंड संस्कृत शिक्षा परिषद ने वर्ष 2025-26 की उत्तर मध्यमा (कक्षा 12) परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। इस वर्ष जयदयाल अग्रवाल संस्कृत उत्तर मध्यमा विद्यालय, श्रीनगर के छात्र सक्षम प्रसाद ने प्रदेश की वरीयता सूची में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय और क्षेत्र का मान बढ़ाया है। सक्षम की इस शानदार सफलता से न केवल उनके परिवार में, बल्कि पूरे जिले के शैक्षिक जगत में खुशी की लहर है।

कीर्तिनगर के डागर पट्टी, पाली कसिल्ड गांव निवासी सक्षम प्रसाद ने इस परीक्षा में 93.4 प्रतिशत अंक अर्जित किए हैं। सक्षम के पिता दिनेश प्रसाद फोदणी पेशे से पुरोहित हैं और पूजा-पाठ का कार्य करते हैं, जबकि उनकी माता सर्वेश्वरी देवी एक कुशल गृहिणी हैं। सक्षम ने अपनी सफलता का मुख्य आधार कड़ी मेहनत और नियमितता को बताया है। उन्होंने जानकारी दी कि विद्यालय की कक्षाओं के अलावा वे प्रतिदिन चार से पांच घंटे नियमित स्वाध्याय करते हैं। विशेष बात यह है कि उन्होंने ज्योतिष जैसे कठिन विषय में 99 अंक प्राप्त कर अपनी विद्वत्ता का परिचय दिया है। सक्षम प्रसाद की प्रतिभा का लोहा परिषद पहले भी मान चुका है। इससे पूर्व परिषद की हाईस्कूल परीक्षा में भी सक्षम ने पूरे प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया था। अपनी भविष्य की योजनाओं को साझा करते हुए सक्षम ने बताया कि वे उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का संपूर्ण श्रेय अपने गुरुजनों के मार्गदर्शन और माता-पिता के आशीर्वाद को दिया है। जयदयाल अग्रवाल संस्कृत विद्यालय के प्रधानाचार्य जगदीश प्रसाद सकलानी ने सक्षम को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि छात्र के कठिन परिश्रम, अनुशासन और शिक्षकों के सही दिशा-निर्देशन का सुखद परिणाम है। विद्यालय के शिक्षक द्वारिका प्रसाद कपरवाण, सुनील प्रसाद फोदणी, गिरीश चंद्र डिमरी और अन्य स्टाफ ने सक्षम की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। संस्कृत शिक्षा के क्षेत्र में इस तरह के मेधावी छात्रों का उभरना राज्य में देववाणी संस्कृत के प्रति बढ़ते रुझान और बेहतर शैक्षणिक स्तर को दर्शाता है।
 


संबंधित आलेख: