सेल्फी का शौक और क्लिक से पहले आई मौतः पति के साथ बदरीनाथ यात्रा पर आई महिला सेल्फी लेने के दौरान गिरी खाई में! लौटते वक्त हुआ हादसा, लिंक में पढ़ें पूरी खबर
टिहरी। कहते हैं कभी-कभी हमारे शौक ही हमारे लिए मुसीबत बन जाते हैं और जिसकी हम कल्पना भी नहीं कर सकते हैं ऐसे हादसे हमारे साथ हो जाते हैं। कुछ ऐसा ही हुआ बदरीनाथ यात्रा पर आई एक महिला के साथ। दरअसल, देर रात ऋषिकेश-बदरीनाथ राजमार्ग पर देवप्रयाग के पास सौड़ पानी में सेल्फी लेने के दौरान मुरादाबाद निवासी एक महिला गहरी खाई में गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला अपने पति के साथ बदरीनाथ यात्रा करने के बाद वापस लौट रही थी।
जानकारी के अनुसार देर रात देवप्रयाग पुलिस को सूचना मिली कि सौड़ पानी के पास एक महिला खाई में गिर गई है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और खाई में महिला की तलाश की। पुलिस के अनुसार सिविल लाइन मुरादाबाद निवासी प्रियंका खाई में गिर गई। महिला के पति राहुल सैनी ने बताया कि वह सेल्फी लेने के दौरान खाई में अचानक गिर गई। वह दोनों बदरीनाथ दर्शन के बाद वापस मुरादाबाद जा रहे थे। पुलिस ने बताया कि महिला के शव को खाई से निकाला गया। बता दें कि इसी जगह पर कुछ दिन पहले केदारनाथ जा रहे युवकों में से एक की सेल्फी लेने के दौरान खाई में गिर गया था, जहां उसकी भी मौत हो गई थी।