• Home
  • News
  • Sensation in Khagaria following a barrage of gunfire in broad daylight! Two brothers shot after their vehicle was intercepted near a bridge; one accused arrested.

खगड़िया में दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग से सनसनी! पुल के पास गाड़ी रोककर दो भाइयों को मारी गोली; एक आरोपी गिरफ्तार

editor
  • Tapas Vishwas
  • June 28, 2026 11:06 AM
Sensation in Khagaria following a barrage of gunfire in broad daylight! Two brothers shot after their vehicle was intercepted near a bridge; one accused arrested.

खगड़िया। बिहार के खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शनिवार की सुबह बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। उसराहा पुल के पास घात लगाए हथियारबंद अपराधियों ने एक चारपहिया वाहन को रोककर दो सगे भाइयों पर जानलेवा हमला कर दिया और उन पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। इस खूनी खेल में दोनों भाई गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। स्थानीय ग्रामीणों की तत्परता से एक आरोपी को मौके पर ही दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया गया है, जबकि अन्य आरोपी फरार होने में सफल रहे।

बेलदौर थाने में दिए गए लिखित आवेदन के अनुसार, चौथम थाना क्षेत्र के तेगाछी (वार्ड संख्या-3) निवासी हिमांशु कुमार ने बताया कि शनिवार (27 जून) की सुबह वह अपने भाई नीरज कुमार के साथ चारपहिया गाड़ी से डांढी गांव से उसराहा पुल होते हुए वापस अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी उसराहा पुल के समीप पहुंची, वहां पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उनकी गाड़ी को जबरन रुकवा लिया। गाड़ी रुकते ही एगम कुमार, निगम कुमार और दो अन्य अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने दोनों भाइयों को गाड़ी से खींचकर मारपीट शुरू कर दी और जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग झोंक दी। इस जानलेवा हमले में नीरज कुमार के बाएं हाथ में गोली लगी, जबकि आवेदन के मुताबिक गोलाबारी के दौरान निगम कुमार के बाएं गर्दन के हिस्से में भी गोली लग गई। हिमांशु कुमार ने बताया कि जब उन्होंने अपने भाई नीरज को बचाने का प्रयास किया, तो अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाते हुए भी ट्रिगर दबा दिया, लेकिन किस्मत अच्छी थी कि वह बाल-बाल बच गए। दिनदहाड़े सड़क पर गोलियों की तड़तड़ाहट सुनकर आसपास के खेतों और सड़क से गुजर रहे ग्रामीण भारी संख्या में मौके पर दौड़ पड़े। ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख अपराधी भागने लगे। लेकिन ग्रामीणों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए घेराबंदी कर एक आरोपी निगम कुमार को मौके पर ही पकड़ लिया और तुरंत पुलिस को सूचना देकर उनके हवाले कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही घायलों के परिजन भी बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे। दोनों घायल भाइयों को आनन-फानन में इलाज के लिए बेलदौर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार जारी है। घटना को लेकर हिमांशु कुमार ने बेलदौर थाने में नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के लिए लिखित आवेदन दिया है। पुलिस सूत्रों से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस खूनी संघर्ष के पीछे 'प्रेम प्रसंग' से जुड़ा कोई पुराना विवाद हो सकता है। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
 


संबंधित आलेख: