सनसनीखेजः दिनेशपुर में ई-रिक्शा चालक की हत्या! खेत से बरामद हुआ शव, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
दिनेशपुर। उधम सिंह नगर जिले के दिनेशपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, यहां ई-रिक्शा चालक की हत्या कर दी गयी। वारदात से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के रायपुर का रहने वाला जगदीश सिंह पुत्र खंडा सिंह ई-रिक्शा चलाता था। गुरुवार को जब वह अपने घर वापस नहीं आया तो परिवार वालों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और जगदीश की तलाश शुरू की। आज सुबह जगदीश का शव दिनेशपुर थाना क्षेत्र के दुर्गापुर नंबर 1 में पॉपुलर के खेत से बरामद हुआ। शव पर चोट के निशान थे और शव से कुछ दूरी पर ई-रिक्शा पड़ा हुआ था। ई-रिक्शा से चारों बैटरी और जगदीश के पास से मोबाइल सहित अन्य सामान गायब था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। रुद्रपुर के एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका लग रही है। मामले की जांच कराई जा रही है जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।