• Home
  • News
  • Sensational revelations in a triple murder case: A sister became a murderer for her lover! She poisoned alcohol to eliminate her brother, resulting in the death of three people.

ट्रिपल मर्डर केस का सनसनीखेज खुलासाः प्रेमी के लिए बहन बनी कातिल! भाई को रास्ते से हटाने के लिए शराब में जहर मिलाया, साजिश में तीन लोगों की चली गई जान

  • Awaaz Desk
  • April 05, 2026 08:04 AM
Sensational revelations in a triple murder case: A sister became a murderer for her lover! She poisoned alcohol to eliminate her brother, resulting in the death of three people.

मेरठ। यूपी के मेरठ में तीन लोगों की मौत के मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। यहां कलयुगी बहन ने अपने प्रेमी के खातिर भाई समेत तीन लोगों का कत्ल कर दिया। यह मामला पहले जहां जहरीली शराब से हुई मौत का लग रहा था, वहीं पुलिस जांच में जो सच्चाई सामने आई, उसने हर किसी को हैरान कर दिया दरअसल दौराला कस्बे में तीन लोगों की मौत के पीछे कोई हादसा नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश थी और इस साजिश की मास्टरमाइंड खुद मृतक की सगी बहन निकली। पुलिस के मुताबिक अंकित उर्फ दौलत की बहन अलका ने अपने प्रेमी पवन उर्फ पोली के साथ मिलकर यह खौफनाक प्लान तैयार किया। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे, लेकिन अंकित इस रिश्ते का विरोध करता था। यही वजह थी कि वह उनके रास्ते का सबसे बड़ा रोड़ा बन गया था। इतना ही नहीं जांच में यह भी सामने आया कि अलका की नजर अपने भाई की जमीन पर भी थी। दोनों ने मिलकर तय किया कि अंकित को रास्ते से हटाकर वे शादी करेंगे और संपत्ति पर कब्जा कर अपनी जिंदगी ऐश से बिताएंगे। योजना के तहत उन्होंने बेहद शातिर तरीका अपनाया। उन्हें पता था कि अंकित शराब पीता है, इसलिए घर में रखी शराब में जहर मिला दिया गया। लेकिन शक से बचने के लिए उन्होंने इसे एक हादसा दिखाने की चाल चली।

अलका को डर था कि अगर सिर्फ अंकित की मौत होती है तो शक उसी पर जाएगा। इसलिए उसने ऐसा जाल बिछाया कि मामला जहरीली शराब जैसा लगे। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। अंकित वही जहरीली शराब लेकर अपने दोस्त बाबूराम के स्पेलर पर पहुंच गया, जहां बाबूराम और जितेंद्र ने भी वह शराब पी ली। कुछ ही देर में तीनों की हालत बिगड़ गई और देखते ही देखते तीनों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। प्रशासन हरकत में आया और शुरुआती जांच में इसे जहरीली शराब का मामला माना गया। मौके पर डॉ. वीके सिंह, अविनाश पांडेय और भानु भास्कर समेत कई अधिकारी पहुंचे और मामले की जांच शुरू की गई। लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, अलका के बयान पुलिस को संदिग्ध लगने लगे। वह बार-बार अपने बयान बदल रही थी और जांच को गुमराह करने की कोशिश कर रही थी। पुलिस ने जब सख्ती और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ की, तो अलका टूट गई और उसने पूरा सच कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ने अलका और उसके प्रेमी पवन को हिरासत में ले लिया है। दोनों ने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। फिलहाल पुलिस इस मामले में इस्तेमाल किए गए जहर के स्रोत और अन्य सबूत जुटाने में लगी हुई है। 


संबंधित आलेख: