शहजाद पूनावाला का पीएम मोदी के आलोचकों पर करारा हमला! बोले- 12 साल बाद भी मोदी तानाशाह नहीं बन पाए
नई दिल्ली। भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने पीएम मोदी के आलोचकों पर तंज कसते हुए कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से निराश हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रधानमंत्रियों के उलट पीएम मोदी 12 साल तक पद पर रहने के बावजूद अभी तक तानाशाह नहीं बन पाए हैं। शहजाद पूनावाला ने कहा, ‘मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूरी तरह निराश हूं। 12 साल हो गए और वो एक फेलियर है। उनको ठीक से तानाशाह बनना नहीं आ रहा है। वो तानाशाह बनने के बजाय एक वीडियो जारी करते हैं और जिन बच्चों ने उनको गाली दी है, उनको और संवैधानिक पदों को और उनकी माता जी को वो आकर कहते हैं कि शरारती बच्चे हैं, माफ कर देते हैं। समाज और पुलिस से कहते हैं कि माफ कर दो।’ उन्होंने आगे कहा, ‘दूसरी ओर राहुल गांधी इंदिरा गांधी के वंशज और नेहरू जी के वंशज हैं। असली डिक्टेरशिप क्या होती है, असली इमरजेंसी क्या होती है, उनसे सीखिए। केरल में तीन इंस्टाग्राम यूजर्स ने राहुल गांधी का अपमान किया, तो उन पर केस दर्ज हो गए। शांतिपूर्ण प्रदर्शन के तो आपकी सरकारों ने केस वापस ले लिए और केरल में पांच हजार लोगों पर केस दर्ज हो गया। कर्नाटक में कोई पोस्टर दिखा रहा है तो उस पर केस दर्ज हो गया। शहजाद पूनावाला ने कहा, ‘उनका इतिहास तो देखिए आपातकाल किसने लगाया इंदिरा गांधी ने, किसने सभी सांसदों को जेल में डाला इंदिरा गांधी ने, जब साधु-संत आंदोलन करने निकले तो गोलियों से किसने भूना। जब अन्ना आंदोलन हुआ था तो 1300 से 1500 लोगों को जेल में ठूंस दिया गया था। अन्ना हजारे को भी जेल में डाल दिया।’ प्रधानमंत्री को संबोधित करते हुए पूनावाला ने कहा कि आज बच्चे आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं और प्रधानमंत्री कह रहे हैं कि वे बच्चे हैं, उनसे गलतियां होती हैं और उन्हें सही रास्ता दिखाना चाहिए। उन्होंने आखिर में फिर तंज कसते हुए कहा, ‘मोदी जी, 12 साल हो गए। आप तानाशाह नहीं बन पाए। आपने इन लेफ्ट लिबरल्स की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। आप नाकाम रहे।’