दिल दहलाने वाला हादसाः कालाढूंगी थाना क्षेत्र में बाइकों की टक्कर के बाद लगी भीषण आग! जिंदा जले दो लोग, मची अफरा-तफरी
हल्द्वानी। नैनीताल जिले के कालाढूंगी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां चकलुवा-हल्द्वानी मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर के बाद दोनों में भीषण आग लग गयी। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गयी, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। खबरों के मुताबिक शुक्रवार रात लगभग 8ः30 बजे कालाढूंगी-हल्द्वानी हाईवे पर वन निगम कार्यालय के पास केटीएम और स्प्लेंडर बाइक में भीषण टक्कर हो गई। देखते ही देखते दोनों बाइकें आग का गोला बन गईं। इससे सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। कोई कुछ समझ पाता इससे पहले ही इस भयावह दुर्घटना में केटीएम बाइक पर सवार 21 वर्षीय सुमित धानिक पुत्र महेश चंद निवासी बसुड़ा बागेश्वर पोस्ट ऑफिस स्नोति और 21 वर्षीय सूरज पांडे पुत्र भुवन चंद पांडे ग्राम पचार बागेश्वर के निवासी की मौके पर ही जलकर मृत्यु हो गई। स्प्लेंडर बाइक पर सवार नूर मोहम्मद पुत्र गुलाम हुसैन निवासी गोजाजाली हल्द्वानी और उनकी पत्नी शाहिदा गंभीर रूप से झुलस गए। वहीं एक मोपेड से गुजर रहे जगदीश सैनी पुत्र राम सिंह सैनी और राजन सिंह बोरा पुत्र गुलाब सिंह, दोनों निवासी गुलजारपुर थाना कालाढूंगी भी आग की चपेट में आकर झुलस गए। वहीं घटना की गंभीरता को देखते हुए उपजिलाधिकारी हल्द्वानी राहुल शाह ने देर रात में सुशीला तिवारी चिकित्सालय पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने सभी घायलों से बातचीत की और चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली।