शर्मनाक घटना: मनचलों से बचने को रातभर सड़कों पर भागती रही युवती, पुलिस व्यवस्था पर उठे सवाल
हल्द्वानी। हल्द्वानी में महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करने वाली एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। मनचलों के उत्पीड़न से परेशान एक युवती अपने मुंहबोले भाई के साथ देर रात शहर की सड़कों पर जान बचाने के लिए भागती रही, लेकिन सुरक्षा का दावा करने वाली पुलिस कहीं नजर नहीं आई।घटना कोतवाली क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार एक युवक अपनी बहन के जन्मदिन समारोह के बाद उसकी सहेली को घर छोड़ने के लिए बाइक से निकला था। जब वे रामपुर रोड की ओर जा रहे थे, तभी मिनी स्टेडियम के पास पीछे से हूटर की आवाज सुनाई दी। युवक ने इसे पुलिस वाहन समझकर बाइक साइड कर दी, लेकिन पीछे आ रहे बुलेट सवार दो युवक अवैध रूप से हूटर बजा रहे थे।
आरोप है कि बुलेट सवार युवकों ने बिना वजह घूरने की बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया और बदसलूकी करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने पीछा किया और जेल रोड चौराहा के पास बाइक रुकवाकर युवक के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने आई युवती को भी बाल पकड़कर घसीटा गया। किसी तरह दोनों वहां से भाग निकले, लेकिन हमलावरों ने पीछा नहीं छोड़ा। भयभीत युवती ने चलते वाहन से ही अपने परिवार को फोन कर मदद मांगी और आरोपितों का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि दोनों को रास्ता बदलकर बरेली रोड की ओर जाना पड़ा, जहां वे एक स्थान पर छिप गए। इधर सूचना मिलने पर युवती का भाई और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे, तब जाकर दोनों ने राहत की सांस ली। इस दौरान शहर के कई संवेदनशील इलाकों जहां प्रशासनिक अधिकारियों के आवास और पुलिस की मौजूदगी रहती है। लेकिन उन्हें तत्काल मदद नहीं मिल सकी, जिससे पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अजय थापा और अजय फर्त्याल के विरुद्ध छेड़खानी, मारपीट, गाली-गलौज और वाहन क्षतिग्रस्त करने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। घटना में प्रयुक्त बाइक को भी सीज कर लिया गया है और दोनों आरोपितों को हिरासत में ले लिया गया है। एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की गई है और आरोपितों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं। इस घटना ने एक बार फिर महिला सुरक्षा को लेकर किए जा रहे दावों की पोल खोल दी है। स्थानीय लोगों में भी घटना को लेकर आक्रोश है और वे शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।