रजत जयंती महोत्सवः नैनीताल में हुए कार्यक्रम! तहसील परिसर में सम्मानित हुए राज्य आंदोलनकारी, यूकेड़ी ने वीर शहीदों को किया नमन
नैनीताल। राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित रजत जयंती महोत्सव के तहत प्रदेशभर में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित कए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज नैनीताल तहसील में राज्य आन्दोलनकारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित करने के साथ ही विभिन्न कार्यक्रम आयोजित हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक सरिता आर्य व विधायक राम सिंह कैड़ा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस मौके पर भीमताल विधायक ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होना प्रत्येक उत्तराखण्डवासी के लिए गर्व और आत्मसम्मान का विषय है। राज्य ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पर्यटन और रोजगार जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां प्राप्त की हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य विकास के नए आयाम छू रहा है। बीते चार वर्षों में नीतिगत निर्णयों से लेकर जमीनी स्तर तक कार्यसंस्कृति में सकारात्मक बदलाव आए हैं, जिससे राज्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य आन्दोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान से ही आज उत्तराखण्ड का सपना साकार हुआ है। अब हमारा कर्तव्य है कि हम सभी मिलकर राज्य के समग्र विकास में योगदान दें।
यूकेड़ी ने वीर शहीदों को किया नमन
इधर राज्य अतिथि गृह में उत्तराखंड क्रांति दल ने राज्य आंदोलनकारियों को याद कर वीर शहीदों को नमन करते हुए पुष्पांजलि अर्पित की। यूकेडी द्वारा रजत जयंती वर्ष पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान जनपद से आए लगभग 60 से अधिक युवाओं ने यूकेडी की सदस्यता ग्रहण की। राज्य आंदोलनकारी व यूकेडी के पूर्व विधायक नारायण सिंह जंतवाल ने कहा कि राज्य बनने के 25 सालों बाद भी समस्याएं जस की तस हैं। राज्य के 85 प्रतिशत भू-भाग जो पहाड़ी क्षेत्र है, वहां आज भी मूलभूत सुविधाओं का आभाव है। प्रदेश से आज भी पलायन बदस्तूर जारी है। युवा नौकरी की तलाश में दर-दर भटकने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि 2027 में जन मुद्दों को लेकर यूकेडी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी और जीत का परचम लहराएगी।