उत्तराखण्ड में हाथी का आतंकः ऋषिकेश में फक्कड़ बाबा को पटक-पटककर मारा डाला! दूसरे बाबा घायल, क्षेत्र में दहशत का माहौल
देहरादून। उत्तराखण्ड में जंगली जानवरों का आतंक बढ़ता ही जा रहा है। जानवरों के हमले में कई लोगों को चोटिल होना पड़ता है जबकि कई लोग मौत के मुंह में समा जाते है। ताजा मामला ऋषिकेश थाना लक्ष्मण झूला क्षेत्र का हे। यहां जंगल से आबादी के बीच आए एक हाथी ने बगीचे में सोए फक्कड़ बाबा को पटक-पटककर मारा डाला। वहीं एक अन्य बाबा पर भी हाथी ने हमला किया, जिससे वह घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार शिवरात्रि के चलते यहां नीलकंठ महादेव मंदिर यात्रा को लेकर खासे संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। पुलिस गेस्ट हाउस निकट भागीरथी धाम मार्ग पर रात्रि में बड़ी संख्या में बगीचे के किनारे फक्कड़ संन्यासी और साधु सोये रहते हैं। सोमवार की अलसुबह बगीचे में आए हाथी ने वहां सोये एक फक्कड़ बाबा को जमीन में पटक-पटककर मार डाला। करीब 50 वर्षीय इस फक्कड़ बाबा के आसपास और भी बाबा सोए थे। एक अन्य फक्कड़ को भी हाथी ने ठोकर मारी, कुछ दूर जाकर वह गिर गया। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस को सूचित किया। जिसके बाद थाना अध्यक्ष वीरेंद्र रमोला पुलिस टीम लेकर मौके पर पहुंचे। वन विभाग को भी सूचित किया गया। हाथी तब तक बगीचे के रास्ते जंगल की ओर चला गया। मृतक की शिनाख्त मदन दास पुत्र अनिल दास निवासी कुरुक्षेत्र हरियाणा के रूप में हुई है। उधर घटना से क्षेत्र में दहशत व्याप्त है। फिलहाल बाबा के शव को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।