• Home
  • News
  • The brutality of a Kaliyuga son: A drunken youth hacked his father to death with a sickle, losing his temper when reprimanded.

कलयुगी बेटे की हैवानियत: नशे में धुत युवक ने पिता को टांगी से काटकर उतारा मौत के घाट, फटकार लगाने पर खोया आपा

editor
  • Tapas Vishwas
  • June 27, 2026 12:06 PM
The brutality of a Kaliyuga son: A drunken youth hacked his father to death with a sickle, losing his temper when reprimanded.

बोकारो। झारखंड के बोकारो जिले से रिश्तों को शर्मसार और तार-तार करने वाली एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। गोमिया प्रखंड अंतर्गत तिलैया पंचायत के कारीपानी गांव में शुक्रवार की देर रात एक कलयुगी बेटे ने मामूली बात पर अपने ही 63 वर्षीय बुजुर्ग पिता जयलाल करमाली की टांगी (कुल्हाड़ी) से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के पीछे की वजह सिर्फ इतनी थी कि पिता ने बेटे को अत्यधिक शराब पीने और घर में कलह करने पर डांट लगाई थी। इस जघन्य हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।

परिजनों और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, कारीपानी गांव निवासी ३० वर्षीय आरोपी अर्जुन करमाली शुक्रवार की देर रात अपने मामा के घर आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम से वापस लौटा था। वह पूरी तरह से शराब के नशे में धुत था और ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। अर्जुन की इस रोज-रोज की शराबी आदत और हरकतों से उसका परिवार लंबे समय से बेहद परेशान था। देर रात जब अर्जुन लड़खड़ाते कदमों से घर पहुंचा, तो उसके बुजुर्ग पिता जयलाल करमाली का सब्र का बांध टूट गया। उन्होंने बेटे को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि उसकी इस जानलेवा लत के कारण घर में रोज अशांति और विवाद बना रहता है। पिता ने उसे आईना दिखाते हुए यह भी याद दिलाया कि उसकी रोज-रोज की मारपीट और प्रताड़ना से तंग आकर उसकी पत्नी भी उसे छोड़कर अपने मायके जा चुकी है। पिता की यह नसीहत और फटकार शराबी अर्जुन को इतनी नागवार गुजरी कि वह अपना मानसिक आपा खो बैठा। दोनों के बीच तीखी बहस और कहासुनी होने लगी। इसी बीच, गुस्से और नशे के पागलपन में चूर अर्जुन ने घर के कोने में रखी धारदार टांगी उठा ली और बिना सोचे-समझे अपने पिता के सिर पर जोरदार वार कर दिया। वार इतना सटीक और घातक था कि बुजुर्ग जयलाल करमाली ने तड़पते हुए मौके पर ही दम तोड़ दिया। चीख-पुकार और भारी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत जयलाल के घर की तरफ दौड़े। वहां का खौफनाक मंजर देखकर सबके होश उड़ गए। जमीन पर जयलाल का खून से लथपथ शव पड़ा था और अर्जुन हाथ में टांगी लिए खड़ा था। ग्रामीणों ने तुरंत तत्परता और साहस दिखाते हुए आरोपी अर्जुन करमाली को मौके पर ही दबोच लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने उसे रस्सी से घर के भीतर ही बांधकर बंधक बना लिया और तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही जगेश्वर बिहार थाना की पुलिस टीम दलबल के साथ रात में ही मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों के चंगुल से आरोपी अर्जुन करमाली को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और वारदात में इस्तेमाल की गई खून से सनी टांगी को भी जब्त कर लिया है। थाना प्रभारी प्रकाश यादव ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि, "पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है और आरोपी से पूछताछ के बाद सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। शनिवार की सुबह तिलैया पंचायत की मुखिया चिंता देवी भी पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने इस घटना पर गहरा दुख और नाराजगी व्यक्त की। मुखिया ने कहा, "यह घटना अत्यंत दुखद और पूरे समाज को शर्मसार करने वाली है। आज के समय में समाज में बढ़ती नशे की यह भयानक प्रवृत्ति ही हंसते-खेलते परिवारों के उजड़ने और इस तरह के खौफनाक अपराधों का सबसे बड़ा कारण बन रही है। उन्होंने ग्रामीणों और युवाओं से नशे से पूरी तरह दूर रहने और सामाजिक स्तर पर इसके खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने की पुरजोर अपील की।


संबंधित आलेख: