उत्तराखण्ड में हाड़ कपाने वाली ठण्ड शुरू! पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी तो मैदानी इलाकों में शीतलहर का सितम, कोहरे के चलते सड़कों पर रेंगते नजर आए वाहन
देहरादून। उत्तराखण्ड में कड़ाके की ठण्ड शुरू होते ही लोगों की दुश्वारियां भी बड़ गयी है। पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी से तापमान शून्य तक पहुंच चुका है जबकि मैदानी इलाकों में शीतलहर और कोहरे का प्रकोप देखने को मिल रहा है। वहीं मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की मानें तो कई जिलों में बारिश और हिमपात हो सकता है, जबकि मैदानी इलाकों में शीतलहर का प्रकोप रहेगा। आज सुबह से ही मैदानी इलाकों में शीतलहर चल रही है। लोग ठिठुरते हुए अपने-अपने कामों में लगे रहे, जबकि कोहरे के चलते सड़कों पर गाड़ियां रेंगती नजर आई। उधर बदरीनाथ, केदारनाथ, जोशीमठ समेत अन्य चोटियों में हिमपात हो रहा है और मैदानों में सर्द हवाएं दुश्वारियां बढ़ा रही हैं। मसूरी में तापमान माइनस एक डिग्री पर पहुंच गया है। जोशीमठ के नीति घाटी में सर्दी सितम ढा रही है। विगत दिवस भी सुबह से ही प्रदेश में हल्के बादलों के बीच सर्द हवाएं चलती रहीं। दोपहर में हल्की धूप के बावजूद कंपकंपी बढ़ गई। बदरीनाथ, हेमकुंड साहिब, गौरसों, केदारनाथ समेत अन्य ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी हुई। जिसके बाद सर्द हवाएं चलने से प्रदेशभर में पारे ने गोता लगाया और कड़ाके की ठंड महसूस की जाने लगी। शाम होते ही शहरों में अलाव जला दिए गए। साथ ही बाजार में भी भीड़ नजर नहीं आई।