• Home
  • News
  • The gas crisis has reached home: After a dispute over refilling the cylinder, the wife left the house and disappeared with her innocent child, and the husband pleaded for her return.

गैस संकट का असर घर तक पहुंचाः सिलेंडर भरवाने को लेकर विवाद के बाद पत्नी ने छोड़ा घर! मासूम बच्चे संग गायब, पति ने लगाई वापसी की गुहार

  • Awaaz Desk
  • March 22, 2026 07:03 AM
The gas crisis has reached home: After a dispute over refilling the cylinder, the wife left the house and disappeared with her innocent child, and the husband pleaded for her return.

नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट तनाव के बीच भारत में हर तरफ गैस को लेकर अफरा-तफरी जैसा माहौल है। गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है और लोग सिलेंडर के लिए खासी मशक्कत कर रहे हैं। हांलाकि शनिवार को केंद्र सरकार ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए कॉमर्शियल एलपीजी की अतिरिक्त 20 प्रतिशत आपूर्ति को मंजूर किया है। इस बीच यूपी के बाराबंकी से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। दरअसल, यहां एक पत्नी ने चूल्हे पर खाना बनाने से साफ-साफ इनकार कर दिया और पति से गैस सिलेंडर भरवाने की मांग की, लेकिन पति ने गैस सिलेंडर भरवाने से मना कर दिया। जिसके चलते पत्नी अपने 5 महीने के बच्चे के साथ घर छोड़कर चली गई। पिछले तीन दिनों से पति उसे ढूंढ रहा है, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चला। पत्नी अपने साथ कुछ कपड़े और घर में रखे 1000 रुपए लेकर गई है। पति का कहना है कि जो गलती हुई माफ कर दो, वापस घर लौट आओ। यह पूरा मामला घुंघटेर थाना क्षेत्र के बौधनी मजरे खटौली गांव का है। यहां के अनिल कुमार की दो साल पहले सुमन देवी के साथ शादी हुई थी। दोनों का एक पांच महीने का बच्चा भी है। पति कंपनी में काम करता है। पिछले सोमवार की सुबह 8 बजे अनिल नाइट ड्यूटी करके घर लौटा था। घर लौटने पर उसने जब खाना मांगा तो पता चला कि खाना ही नहीं बना है। इस पर पति ने पत्नी से खाना न बनाने का कारण पूछा। जिस पर पत्नी ने कहा कि अब चूल्हे पर खाना नहीं बनाऊंगी, गैस सिलेंडर भरवा दो। पति अनिल ने बताया कि पत्नी ने गैस सिलेंडर भरवाने की मांग की थी। इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। विवाद के बाद अनिल अपने कमरे में सोने चला गया। इसी दौरान सुमन देवी अपने कपड़े, 1000 रुपए नकद और पांच महीने के बेटे को लेकर घर से चली गई। शाम करीब 4 बजे जब अनिल की नींद खुली, तो पत्नी और बच्चे के गायब होने का पता चला। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला। फिलहाल पुलिस ने पति की शिकायत पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है। अनिल कुमार ने भावुक होकर कहा कि जो भी गलती हुई हो, माफ कर दो और वापस घर लौट आओ। पति ने बताया कि वह पिछले तीन दिनों से अपने परिजनों के साथ मोहम्मदपुर खाला के टेढ़ावां, असगीनगर, उस्मानपुर और सीतापुर के बनेहरा सहित रिश्तेदारों के यहां तलाश कर चुका है, लेकिन अब तक कोई जानकारी नहीं मिली है। थाना प्रभारी बेचू यादव ने बताया कि प्रार्थना पत्र के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


संबंधित आलेख: