• Home
  • News
  • The grand conjunction of Maha Ashtami and Ram Navami: Crowds of devotees gathered at the Naina Devi Temple! The city resounded with chants of Kanya Pujan.

महाअष्टमी-रामनवमी का महासंयोगः मां नैना देवी मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़! कन्या पूजन के साथ जयकारों से गूंजा शहर

  • Awaaz Desk
  • March 26, 2026 11:03 AM
The grand conjunction of Maha Ashtami and Ram Navami: Crowds of devotees gathered at the Naina Devi Temple! The city resounded with chants of Kanya Pujan.

नैनीताल। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर इस बार महाअष्टमी और नवमी तिथि का विशेष संयोग एक ही दिन पड़ने से श्रद्धालुओं में उत्साह चरम पर नजर आया। मां दुर्गा के आठवें स्वरूप महागौरी और नवें स्वरूप सिद्धिदात्री की पूजा-अर्चना पूरे विधि-विधान के साथ की गई। सुबह से ही नैना देवी मंदिर में भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों ने भी मां के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। दिनभर मंदिर परिसर जयकारों से गूंजता रहा। नैना देवी मंदिर के अलावा पाषाण देवी मंदिर, गोलू देवता मंदिर, हनुमानगढ़ी मंदिर, शीतला देवी मंदिर और गंगनाथ मंदिर में भी श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। इस दौरान घर-घर कन्या पूजन कर माता रानी का आशीर्वाद लिया गया। धार्मिक मान्यता के अनुसार नैना देवी मंदिर का विशेष महत्व है, क्योंकि यहां देवी सती की आंख गिरने की कथा जुड़ी हुई है। पूरे शहर में भक्ति और आस्था का माहौल देखने को मिला, जहां श्रद्धालुओं ने पूजा, भजन-कीर्तन और व्रत रखकर माता रानी की आराधना की।


संबंधित आलेख: