देहरादून में 27 मार्च से सजेगा राज्य पैरालंपिक खेलों का महाकुंभ, 13 जिलों के खिलाड़ी दिखाएंगे दम
देहरादून। देवभूमि के विशेष खिलाड़ियों की प्रतिभा को मंच देने और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से आगामी 27 मार्च से राजधानी देहरादून में राज्य पैरालंपिक गेम्स का भव्य आगाज होने जा रहा है। पैरालंपिक एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड की ओर से आयोजित यह तीन दिवसीय खेल महोत्सव 29 मार्च तक रायपुर स्थित महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स स्टेडियम में चलेगा।
प्रेस क्लब में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान आयोजक सचिव प्रेम कुमार ने प्रतियोगिता के विवरण साझा किए। उन्होंने बताया कि इन खेलों का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के पैरा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना और उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। इस बार राज्य के सभी 13 जिलों की टीमें प्रतियोगिता में शिरकत करेंगी, जिससे यह आयोजन पूरे प्रदेश की खेल भावना का प्रतीक बनेगा। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न श्रेणियों में कुल पांच प्रमुख स्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें पैरा एथलेटिक्स, पावरलिफ्टिंग, बैडमिंटन, वॉलीबॉल और टेबल टेनिस शामिल हैं। आयोजकों के अनुसार, अब तक की प्राप्त प्रविष्टियों के आधार पर प्रदेश भर से लगभग 150 पैरा खिलाड़ी मैदान में अपना कौशल और जज्बा दिखाने के लिए तैयार हैं। आयोजन सचिव ने स्पष्ट किया कि जो खिलाड़ी अभी तक पंजीकरण नहीं करा पाए हैं, वे 25 मार्च तक अपना नामांकन सुनिश्चित कर सकते हैं। एसोसिएशन ने सभी जिलों के खेल प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे पात्र खिलाड़ियों का विवरण समय पर उपलब्ध करा दें। राजधानी में आयोजित होने वाले इन खेलों को लेकर खिलाड़ियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के आयोजनों से राज्य में पैरा-स्पोर्ट्स के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और भविष्य में उत्तराखंड से और अधिक पैरा-चैंपियन निकलकर सामने आएंगे।