उत्तराखंड में 2027 से पहले दलबदल की सियासत तेज! कांग्रेस की दूसरी खेप तैयार, 12 बड़े नेताओं की एंट्री की चर्चा
देहरादून। उत्तराखंड में अगले साल 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं, ऐसे में राजनीतिक हलचल लगातार बढ़ती जा रही है। इस बीच दलबदल की सियासत भी तेज हो गयी है। चर्चा है कि बहुत जल्द प्रदेश के कई बड़े चेहरे कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं। गौरतलब है कि पिछले दिनों 6 नेताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की थी। वहीं अब 12 नेताओं की एंट्री की चर्चा ने जोर पकड़ लिया है। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस ने उन 12 नेताओं की सूची तैयार कर ली है, जिन्हें पार्टी में शामिल कराया जाना है। इन नामों पर अंतिम मुहर के लिए पार्टी हाईकमान को प्रस्ताव भेजा गया है। जैसे ही मंजूरी मिलेगी, इन नेताओं की औपचारिक ज्वॉइनिंग कराई जाएगी। दरअसल कांग्रेस ने बीते 28 मार्च को नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में 6 बड़े नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई थी। इनमें भाजपा के पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, नारायण पाल, भीमलाल आर्य, गौरव गोयल, अनुज गुप्ता और लाखन सिंह नेगी शामिल रहे। खास बात यह रही कि इनमें से अधिकांश नेता पहले भारतीय जनता पार्टी से जुड़े रहे हैं और प्रभावशाली पदों पर रह चुके हैं। इन नेताओं के शामिल होने के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई थी और इसे कांग्रेस के लिए एक मनोवैज्ञानिक बढ़त के तौर पर देखा गया।
हालांकि इस दौरान पार्टी के भीतर कुछ असंतोष भी सामने आया था, जिसे अब संगठन संभालने की कोशिश कर रहा है। अब कांग्रेस दूसरी खेप के जरिए अपने संगठन को और मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल का दावा है कि बीजेपी के कई सिटिंग विधायक भी कांग्रेस में शामिल होना चाहते हैं, लेकिन कानूनी प्रक्रिया और कार्यकाल के चलते अभी इंतजार कर रहे हैं। गणेश गोदियाल के मुताबिक कुल 18 नेताओं ने कांग्रेस में शामिल होने की इच्छा जताई थी, जिनमें से 6 पहले ही पार्टी में आ चुके हैं। अब बाकी 12 नेताओं की सूची हाईकमान को भेजी गई है और जल्द ही उनकी ज्वॉइनिंग कराई जाएगी। इस पूरी प्रक्रिया को लेकर पार्टी इस बार बेहद सतर्क नजर आ रही है, ताकि पिछली बार की तरह कोई विवाद या असहमति सामने न आए। इसी बीच कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा का उत्तराखंड दौरा भी बेहद अहम माना जा रहा है। वे जल्द ही पांच दिवसीय दौरे पर राज्य में पहुंचेंगी और विभिन्न जिलों में पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इसी दौरे के दौरान इन 12 नेताओं में से कुछ की ज्वॉइनिंग कराई जा सकती है, जिससे कांग्रेस को चुनाव से पहले मजबूत संदेश देने का मौका मिलेगा। वहीं नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भी संकेत दिए हैं कि बीजेपी के कई बड़े चेहरे कांग्रेस के संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कई प्रभावशाली नेता कांग्रेस में शामिल होते नजर आ सकते हैं।