• Home
  • News
  • The talents of young talents will shine in Dehradun on March 13, with the state-level competition "Maths Wizard - Spell Genius" to begin.

देहरादून में 13 मार्च को चमकेगा नन्हे प्रतिभाओं का हुनर, शुरू होगा ‘मैथ्स विजर्ड–स्पैल जीनियस’ राज्य स्तरीय मुकाबला

  • Tapas Vishwas
  • March 10, 2026 12:03 PM
The talents of young talents will shine in Dehradun on March 13, with the state-level competition "Maths Wizard - Spell Genius" to begin.

देहरादून। उत्तराखंड के मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी शैक्षणिक प्रतियोगिता का मंच तैयार हो गया है। राजधानी देहरादून में 13 मार्च को राज्य स्तरीय ‘मैथ्स विजर्ड एवं स्पैल जीनियस प्रतियोगिता’ आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रदेश के सभी जिलों से चुने गए प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस प्रतियोगिता को लेकर समग्र शिक्षा के अपर राज्य परियोजना निदेशक डॉ. मुकुल कुमार सती ने सभी जिलों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। राज्य स्तरीय यह प्रतियोगिता एससीईआरटी (SCERT) देहरादून परिसर में आयोजित होगी। प्रतियोगिता में प्रत्येक जिले से चार छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। ये सभी प्रतिभागी जिला स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी होंगे। इस तरह पूरे राज्य से चुनकर आए बच्चे गणित और अंग्रेजी शब्दज्ञान की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में अपना कौशल दिखाएंगे।

प्रतियोगिता में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं के लिए एससीईआरटी देहरादून के हॉस्टल में आवासीय व्यवस्था की गई है, ताकि दूर-दराज के जिलों से आने वाले बच्चों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। विभाग की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों को आने की अनुमति नहीं होगी। यदि कोई अभिभावक स्वेच्छा से आते हैं तो उनके ठहरने और यात्रा का खर्च स्वयं वहन करना होगा। प्रतिभाग करने वाले सभी छात्रों के अभिभावकों से पहले ही अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) लेना अनिवार्य किया गया है। साथ ही प्रत्येक जिले से आने वाली टीम के साथ एक टीम प्रभारी शिक्षक भी नियुक्त किया जाएगा। यदि टीम में छात्राएं शामिल होंगी तो अनिवार्य रूप से टीम प्रभारी के रूप में महिला शिक्षिका को नामित किया जाएगा, ताकि छात्राओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। छात्रों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभाग ने यात्रा और भोजन की व्यवस्था के लिए भी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जिला स्तर से राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होने वाले विद्यार्थियों और टीम प्रभारी शिक्षकों की यात्रा का खर्च संबंधित जिला परियोजना कार्यालय द्वारा वहन किया जाएगा। यात्रा के दौरान भोजन की व्यवस्था भी जिला स्तर पर सुनिश्चित की जाएगी। प्रतियोगिता की तैयारियों को समयबद्ध बनाने के लिए विभाग ने सभी जिलों को निर्देश दिया है कि राज्य स्तर पर आने वाले टीम प्रभारी शिक्षकों की सूची 11 मार्च की शाम तक उपलब्ध कराई जाए। वहीं सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को अपने एस्कॉर्ट शिक्षक के साथ 12 मार्च की शाम तक एससीईआरटी हॉस्टल पहुंचना अनिवार्य होगा। 13 मार्च को प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें गणितीय कौशल और अंग्रेजी वर्तनी से जुड़े विभिन्न चरणों के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभा का आकलन किया जाएगा। प्रतियोगिता संपन्न होने के बाद सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राएं 14 मार्च की सुबह अपने-अपने विद्यालयों के लिए रवाना होंगे। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि छात्रों के साथ आए एस्कॉर्ट शिक्षक पूरे समय उनके साथ एससीईआरटी हॉस्टल में ही रुकेंगे और विद्यार्थियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं की होगी। शिक्षा विभाग का मानना है कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ाने के साथ-साथ उनकी बौद्धिक क्षमता को निखारने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। देहरादून में होने वाली यह प्रतियोगिता प्रदेश के होनहार विद्यार्थियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच साबित होगी।


संबंधित आलेख: