फिर भाजपा के हुए हेम! 2017 में भाजपा से टिकट नहीं मिलने पर पकड़ा था कांग्रेस का हाथ, पिछले दिनों कांग्रेस पार्टी ने दिया था नोटिस
नैनीताल। जैसे जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे है वैसे वैसे दावेदारों में टिकट के लिए उत्सुकता बढ़ती जा रही है। इधर कांग्रेस में कई महीनों से प्रचार प्रसार में लगे वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हेम आर्य पार्टी से सख्त नाराज़ थे,जिसके चलते उन्होंने रविवार को कांग्रेस छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया है। पिछले दिनों नैनीताल से कांग्रेस पार्टी से विधायक का टिकट मांग रहे हेम आर्य को कांग्रेस जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल ने नोटिस भेजा था, हेम आर्य को चेतावनी दी गई थी कि अनुशासनहीनता के मामले में कार्रवाई कर दी जाएगी। इसके बाद से ही सुगबुगाहट थी कि जल्द ही हेम आर्य पार्टी छोड़ सकते है। नए साल में उन्होंने बड़ा धमाका करते हुए बीजेपी में घर वापसी कर ली है।
आपको बता दें कि 2017 में हेम आर्य को बीजेपी से टिकट नही मिला था जिसकी वजह से उन्होंने बीजेपी को त्याग कर निर्दलीय चुनाव लड़ा था लेकिन वहां भी उन्हें करारी हार देखने को मिली थी। फिर उन्होंने कांग्रेस जॉइन कर ली और लगातार नैनीताल जिले में सामाजिक कार्यों में जुटे रहे। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी उन्होंने कांग्रेस की ओर से खूब प्रचार प्रसार किया लेकिन पार्टी ने उन्हें उल्टा नोटिस थमा दिया जिससे नाराज़ होकर अब उन्होंने वापस बीजेपी का दामन थाम लिया है।