नैनीताल में रात 11 बजे बाजार बंद कराने पर व्यापारियों का विरोध, पाबंदी हटाने की मांग
नैनीताल। पर्यटन नगरी नैनीताल में रात 11 बजे के बाद पुलिस प्रशासन द्वारा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और खान-पान की दुकानों को बंद कराए जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस निर्णय के विरोध में मल्लीताल व्यापार मंडल और नगर के अन्य व्यापारियों ने संयुक्त रूप से प्रशासन को प्रार्थना पत्र सौंपकर रात के समय लगाई गई पाबंदी हटाने की मांग की है। साथ ही व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि इसी तरह व्यापारियों का उत्पीड़न जारी रहा तो आने वाले दिनों में शहर के सभी बाजार बंद करने को मजबूर होना पड़ेगा।
व्यापारियों का कहना है कि नैनीताल की अर्थव्यवस्था पूरी तरह पर्यटन पर निर्भर है। वर्तमान समय में शहर में पर्यटकों की अच्छी खासी भीड़ है, लेकिन रात 11 बजे ही बाजार बंद करा दिए जाने से दूर-दराज से आने वाले पर्यटकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर छोटे बच्चों के साथ आने वाले परिवारों को देर रात भोजन और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं भी आसानी से उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। व्यापार मंडल मल्लीताल के अध्यक्ष किशन नेगी ने कहा कि रात के समय बाजार बंद होने से पर्यटकों के बीच शहर की छवि नकारात्मक बन रही है। इससे ऐसा प्रतीत होता है जैसे शहर में अनावश्यक प्रतिबंध लगाए गए हों। उन्होंने कहा कि व्यापारी पहले ही कई तरह की चुनौतियों का सामना कर रहे हैं और ऐसे में पर्यटन सीजन के दौरान समय सीमा तय कर देने से उन्हें आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। व्यापारियों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि यदि बाजार देर तक खुले रहने की अनुमति दी जाती है तो वे पूरी जिम्मेदारी के साथ शांति व्यवस्था बनाए रखेंगे। साथ ही नगर की स्वच्छता का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा। व्यापारियों का कहना है कि वे प्रशासन के साथ हर संभव सहयोग करने के लिए तैयार हैं, लेकिन पर्यटन सीजन में इस तरह की सख्ती से व्यापार पर नकारात्मक असर पड़ रहा है। व्यापार मंडल ने प्रशासन से इस निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग की है, ताकि पर्यटन सीजन के दौरान पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और शहर के व्यापारियों को भी राहत मिल सके।