• Home
  • News
  • Tragedy: A fatal blow before the Mahakal pilgrimage! UP YouTuber Chhavi Varshney and her mother die in a road accident; mourning grips the village.

हादसाः महाकाल दर्शन से पहले काल का कहर! यूपी की यूट्यूबर छवि वार्ष्णेय और उनकी मां की सड़क हादसे में मौत, गांव में पसरा मातम

editor
  • Awaaz Desk
  • August 26, 2026 07:08 AM
Tragedy: A fatal blow before the Mahakal pilgrimage! UP YouTuber Chhavi Varshney and her mother die in a road accident; mourning grips the village.

हाथरस/उज्जैन। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले की रहने वाली 23 वर्षीय मशहूर यूट्यूबर और सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर छवि वार्ष्णेय की मध्य प्रदेश में हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में उनकी 50 वर्षीय मां सारिका ने भी दम तोड़ दिया। दोनों मां-बेटी की मौत की खबर से हाथरस के महौखास गांव और आसपास के इलाके में शोक की लहर है। दोनों के शव बुधवार को गांव लाए जाने की जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि छवि अपने परिवार के साथ उज्जैन स्थित महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए निकली थीं। इसी दौरान उज्जैन-गरोठ फोरलेन पर रामाखेड़ी गांव के पास उनकी कार आगे चल रहे एक ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में छवि और उनकी मां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता श्यामलाल समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, छवि वार्ष्णेय सोमवार देर रात अपने पिता श्यामलाल, मां सारिका, समधी सूरजपाल और कार चालक सचिन के साथ उज्जैन के महाकाल मंदिर में दर्शन के लिए रवाना हुई थीं। परिवार कार से यात्रा कर रहा था। मंगलवार को जब वाहन उज्जैन-गरोठ फोरलेन पर रामाखेड़ी गांव के पास पहुंचा, तभी कार आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। एनएचएआई की एंबुलेंस की मदद से मां-बेटी के शवों को बड़ौद के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया।

दुर्घटना में छवि के पिता श्यामलाल, समधी सूरजपाल और कार चालक सचिन गंभीर रूप से घायल हुए हैं। बड़ौद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर विजेंद्र चूड़िहार ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। उनकी हालत गंभीर होने के कारण सभी को आगे के इलाज के लिए जिला अस्पताल आगर रेफर किया गया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, हादसे की वजह का पता लगाने के लिए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और कार ट्रक से किस कारण टकराई। छवि वार्ष्णेय महज 23 वर्ष की उम्र में सोशल मीडिया पर अपनी पहचान बना चुकी थीं। उनके चचेरे भाई सचिन के मुताबिक, छवि पढ़ाई में भी काफी अच्छी थीं और उन्होंने ग्रेजुएशन तक शिक्षा हासिल की थी। उन्होंने वर्ष 2021 में अपना यूट्यूब चैनल शुरू किया था। शुरुआत में वह डेली लाइफ व्लॉग्स और ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े वीडियो बनाती थीं। धीरे-धीरे उनके वीडियो को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिलने लगा और उनका चैनल लोकप्रिय होता चला गया। छवि के यूट्यूब चैनल पर 7 लाख से अधिक सब्सक्राइबर थे, जबकि इंस्टाग्राम पर भी उनके एक लाख से ज्यादा फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर उनकी पहचान एक लोकप्रिय इंफ्लूएंसर के रूप में बन चुकी थी। छवि के परिवार के अनुसार, उनके सोशल मीडिया करियर को लेकर घरवालों ने हमेशा उनका समर्थन किया। उनके पिता श्यामलाल किराना की दुकान चलाते हैं। परिवार ने छवि को पढ़ाई के साथ-साथ अपने पसंद के क्षेत्र में आगे बढ़ने का मौका दिया। कम उम्र में सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में फॉलोअर्स बनाना छवि की मेहनत और लोकप्रियता को दर्शाता था। उनके अचानक निधन की खबर से परिवार, परिचितों और उनके फॉलोअर्स के बीच शोक की स्थिति है।

गांव में पसरा मातम
छवि और उनकी मां की मौत की खबर जैसे ही हाथरस जिले के महौखास गांव पहुंची, वहां मातम पसर गया। परिवार के लोगों और ग्रामीणों का कहना है कि किसी ने नहीं सोचा था कि महाकाल दर्शन के लिए निकला परिवार इस तरह की दर्दनाक घटना का शिकार हो जाएगा। मां-बेटी के शव पोस्टमार्टम के बाद हाथरस लाए जाने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। बुधवार को शव गांव पहुंचने के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा। घटना के बाद गांव में बड़ी संख्या में लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।


संबंधित आलेख: