रुद्रपुर में रफ्तार का कहरः अज्ञात वाहन ने छीनी भाजपा बूथ अध्यक्ष की जिंदगी! पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे विधायक शिव अरोरा
रुद्रपुर। रुद्रपुर में सड़क हादसे में भाजपा के बूथ अध्यक्ष भोलानाथ की दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, बिन्दुखेड़ा निवासी भोलानाथ शादी समारोह में शामिल होने के लिए मटकोटा रोड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनकी जान चली गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है। बताया जा रहा है कि भोलानाथ खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, भाजपा बूथ अध्यक्ष की मौत की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर है। रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर मृतक के परिजनों से मुलाकात की और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।