उत्तराखण्ड में दर्दनाक हादसाः रुद्रप्रयाग में आधी रात को खाई में गिरा वाहन! रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन, अस्पताल पहुंचने से पहले युवक की मौत
रुद्रप्रयाग। उत्तराखण्ड के रुद्रप्रयाग में देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। यहां रैंतोली पेट्रोल पंप झिरमौली के बीच एक वाहन सड़क से नीचे खाई में गिर गया। रात भर चले रेस्क्यू अभियान में हादसे में घायल एक व्यक्ति को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित किया। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सुरेश चन्द्र बलूनी ने बताया है कि रात्रि 12 बजे करीब पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली की रैंतोली पेट्रोल पंप के पास एक वाहन सड़क से नीचे खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, डीडीआरएफ के सहयोग से पुलिस बल ने रात में ही रेस्क्यू कार्य शुरू किया। रात में चले अभियान में नदी में गिरे वाहन से एक व्यक्ति को अचेत अवस्था में निकालकर 108 की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया गया है, जहां डॉक्टरों ने व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया।