दुखदः रामनगर के पूछड़ी गांव में शॉर्ट सर्किट के चलते झोपड़ियों में धधकी आग! जिंदा जले तीन मवेशी, लाखों का नुकसान
हल्द्वानी। रामनगर के पूछड़ी गांव से एक दुखद खबर सामने आ रही है। यहां शार्ट सर्किट के चलते बीती रात तीन झोपड़ियां आग की भेंट चढ़ गयी। बताया जा रहा है कि इस आग में तीन मवेशी जिंदा जल गए। वहीं सूचना पर पहुंचे फायरकर्मियों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार पूछड़ी के नई बस्ती गांव निवासी संजय कच्चे घर में रहता है। समीप ही उसने पशुओं की गोशाला व भूसा रखने तथा सामान रखने के लिए तीन झोपड़ी बनाई है। रात में गोशाला में लगाई गई बिजली के तार में शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग ने गोशाला से सटी दो अन्य झोपड़ियों को भी चपेट में ले लिया। आग की लपटें देख संजय व उसके पिता ने सामान बचाना शुरू किया। पड़ोसी भी मदद के लिए मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बकरियों को खोलकर तो बचा लिया। लेकिन गोशाला में बंधे दो भैंस व एक गाय के बच्चे को नहीं बचा पाए। आग से झोपड़ी में रखा सामान जल गया। रात में ग्रामीणों ने बाल्टियों से पानी डालकर आग को बुझाने का प्रयास किया। इस बीच सूचना पर पहुंचे अग्निशमन वाहन से कर्मियों ने आग बुझाई। पीड़ित संजय ने बताया कि आग से तीन क्विंटल गेंहू, पांच क्विंटल धान, दस हजार रुपये कीमत का भूसा व 15 हजार रुपये की नकदी जल गई।