ऊधम सिंह नगरः युवक पर जानलेवा हमले का मामला! वायरल वीडियो के बाद तीन आरोपी गिरफ्तार, हथियार भी बरामद
खटीमा। ऊधम सिंह नगर जिले के खटीमा में सोशल मीडिया पर वायरल हुए मारपीट के वीडियो के बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, घटना के करीब 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को दबोच लिया गया। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया बांका और कुल्हाड़ी भी बरामद की गई है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मामला खटीमा कोतवाली क्षेत्र के इस्लाम नगर का है। 29 सितंबर 2026 की रात करीब साढ़े 10 बजे इस्लाम नगर निवासी 32 वर्षीय सद्दाम पर कथित तौर पर जानलेवा हमला किया गया। आरोप है कि छोटी कुल्हाड़ी और बांका से किए गए हमले में सद्दाम के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। पुलिस के मुताबिक, हमलावर उसे घायल हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए और जाते समय गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। मामले में घायल सद्दाम के बड़े भाई दिलशाद ने 30 सितंबर को खटीमा कोतवाली में तहरीर दी। तहरीर के मुताबिक, सद्दाम ने मोहल्ले में कथित तौर पर नशा करने से कुछ लोगों को मना किया था। उसका कहना था कि इससे मोहल्ले का माहौल खराब हो रहा है। आरोप है कि इसी बात को लेकर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। तहरीर के आधार पर खटीमा कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के दौरान किसी स्थानीय व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया था, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई तेज कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद खटीमा पुलिस की टीमों ने संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही सुरागरसी-पतारसी शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने 30 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर कुनाल मार्केट के पीछे खाली मैदान के पास से तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फरमान पुत्र पप्पू, साहिल पुत्र पप्पू और आदिल पुत्र पप्पू निवासी इस्लाम नगर, खटीमा के रूप में हुई है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कमल कुमार लुण्ठी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक केसी आर्य, उपनिरीक्षक विजय बोहरा, कांस्टेबल मोहन बोरा, नरेंद्र टम्टा और देवेंद्र सिरोला शामिल रहे।