ऊधम सिंह नगरः ओवरटेकिंग को लेकर विवाद! दबंगों ने चलती बस पर किया पथराव, चार आरोपी गिरफ्तार
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के गदरपुर में चलती रोडवेज बस पर पथराव करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरजिन्दर सिंह, रिंकु सिंह, गोविन्द सिंह और अयान के रूप में हुई है, ये सभी गदरपुर क्षेत्र के निवासी हैं। दरअसल, पिछले दिनों गदरपुर और केलाखेड़ा के बीच नेशनल हाईवे पर टनकपुर से हरिद्वार जा रही एक रोडवेज बस पर अज्ञात युवकों ने हमला कर दिया था। बताया जाता है कि बस और कुछ बाइक सवार युवकों के बीच ओवरटेक को लेकर कहासुनी हो गई, जिसके बाद मामला इतना बढ़ गया कि युवकों ने बस का पीछा करना शुरू कर दिया और पथराव शुरू कर दिया, जिससे यात्रियों में चीख-पुकार मच गयी। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। हांलाकि बस चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को सीधे दोराहा चौकी तक पहुंचाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने मौके के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।