• Home
  • News
  • Udham Singh Nagar district will give the message of agricultural revolution and seed revolution to the country and the world: Governor Singh

देश-दुनिया को कृषि क्रांति और बीज क्रांति का संदेश देगा ऊधम सिंह नगर जिलाः राज्यपाल सिंह

editor
  • Manoj Kumar
  • December 27, 2021 11:12 AM
Udham Singh Nagar district will give the message of agricultural revolution and seed revolution to the country and the world: Governor Singh

पंतनगर। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने कहा कि उधमसिंह नगर देश और दुनिया को कृषि क्रांति व बीज क्रांति का संदेश देगा। यहां से कृषि क्षेत्र में होने वाली रिसर्च तथा टेक्नोलॉजी का संदेश भी पूरी दुनिया में जाएगा। उधमसिंह नगर जिला प्राकृतिक खेती एवं ऑर्गेनिक फार्मिंग  केंद्र बन सकता है। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि ) ने सोमवार को तराई भवन अतिथि गृह, पंतनगर में जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारियों  से जनपद उधम सिंह नगर मे संचालित विकास कार्यों,  संचालित परियोजना समस्याओं तथा चुनौतियों के बारे में विस्तृत चर्चा की।
राज्यपाल ने अधिकारियों  से कहा कि उधमसिंह नगर से कृषि क्षेत्र में क्या क्रांति लाई जा सकती है इस पर प्रशासन को एक रूपरेखा तैयार करनी चाहिए। जिले में होने वाली बेस्ट प्रैक्टिसेज को पूरे राज्य तथा देश में विस्तारित किया जाना चाहिए। राज्यपाल ने कहा कि राज्य में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को सम्मानित किया जाना चाहिए। राजभवन जल्द ही इस क्षेत्र में पहल करेगा। राज्य की थारू तथा बुक्सा जनजाति के लोगों को मशरूम उत्पादन, पोल्ट्री, जैविक कृषि जैसे कार्यों से जोड़ा जाना चाहिए। राज्यपाल ने अधिकारियों से उधमसिंह नगर जिले की चुनौतियों पर भी चर्चा की। राज्यपाल ने कहा कि उधमसिंह नगर जिला सीमांत जिला है। पुलिस और प्रशासन को आने वाली चुनौतियों के लिए क्षमता विकास करना होगा। पुलिस विभाग को अपराधों के बदलती हुई प्रवृत्तियों तथा पेटर्न्स को समझना होगा। अपराधों को रोकने के लिए प्रोएक्टिव पुलिस, प्रि एक्टिव पुलिस, प्रीवेंटिव पुलिस की अवधारणा पर काम करना होगा। उधमसिंह नगर जिले की  सीमा से लगे उत्तर प्रदेश के 5 जिलों की पुलिस तथा प्रशासन से भी निरंतर समन्वय बनाना होगा। राज्यपाल ने कहा कि उधम सिंह नगर जिला एक बहु सांस्कृतिक, बहुभाषी तथा विभिन्न समुदायों की आबादी का जिला है। यहां का सामाजिक सौहार्द्र तथा आपसी भाईचारा राज्य ही नहीं पूरे देश के लिए आदर्श और प्रेरणा स्रोत है। राज्यपाल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से जिले में तैनात कुल पुलिसकर्मियों में महिला पुलिस कर्मियों के योगदान के बारे में जानकारी प्राप्त की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जनपद में 30 प्रतिशत पुलिस महिला कर्मी हैं। इसके साथ ही राज्यपाल ने राज्य में संचालित महिला स्वयं सहायता समूह के बारे में जानकारी ली। राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखंड के आर्थिक सशक्तिकरण, विकास तथा रिवर्स माइग्रेशन के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए  सबसे अधिक भरोसा यहां की महिलाओं पर ही किया जा सकता है। वास्तव में राज्य की महिलाओं के कंधों पर ही राज्य के विकास का उत्तरदायित्व है। राज्य की महिलाएं पर्वतीय क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूह के माध्यम से आर्थिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में क्रांति कर रही है। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने कहा कि उधम सिंह नगर जिले में स्थित  नानकमत्ता साहिब धार्मिक एवं सामाजिक सौहार्द्र का महान संदेश दे रहा है। इस अवसर पर जिलाधिकारी युगल किशोर पंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दलीप सिंह कुवंर, मुख्य विकास अधिकारी आशीष भटगांई, सीएमओ डाॅ0 सुनीता रतुड़ी आदि उपस्थित थे। 


संबंधित आलेख: