उफ्फ ये बारिशः मुनस्यारी में जनजनीवन अस्त-व्यस्त! उफान पर आई मंदाकिनी नदी, भूस्खलन से दहशत में ग्रामीण

मुनस्यारी। उत्तराखण्ड में बारिश का दौर लगातार जारी है। यहां मुनस्यारी, बंगापानी क्षेत्र में देर रात से लगातार हो रही बारिश होने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मंदाकिनी नदी के उफान में आने से जौलजीबी मुनस्यारी को जोड़ने वाला मंदाकिनी नदी में बना पुल भी खतरे के जद में आ गया है। मुनस्यारी के मदकोट क्षेत्र में मंदाकिनी नदी के भयानक रौद्र रूप, भू-कटाव से देबीबगड़ व भोराबगड़ को खतरा बना हुआ है। साथ ही मुनस्यारी जौलजीबी मुख्य राष्ट्रीय राजमार्ग को भी खतरा बना हुआ है। बता दें कि मदकोट क्षेत्र में मंदाकिनी नदी के रौद्र रूप से भू-कटाव, भूस्खलन जैसे घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे यातायात भी प्रभावित हो रहा है। वहीं आज सुबह देबीबगड़ के समीप मुख्य मोटर मार्ग पर भूस्खलन व बोल्डर गिरने से यातायात प्रभावित हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुची बीआरओ की टीम सड़क से मलबा हटाने में जुटी है।