यूकेएसएसएससी पेपर लीक प्रकरणः सरगना हाकम सिंह रावत को लेकर देर रात देहरादून पहुंची एसटीएफ की टीम! लगातार हो रही पूछताछ, किसी भी समय हो सकती है गिरफ्तारी
देहरादून। यूकेएसएसएससी भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक मामले में एसटीएफ की टीम देर रात सरगना भाजपा नेता एवं उत्तरकाशी जखोल के जिला पंचायत सदस्य हाकम सिंह रावत को राजधानी देहरादून लेकर पहुंची और उससे पूछताछ की जा रही है। सूत्रों की मानें तो किसी भी समय एसटीएफ हाकम सिंह रावत को गिरफ्तार कर सकती है। यही नहीं एसटीएफ के रडार पर वो लोग भी हैं जिन्होंने परीक्षा में नकल कर अच्छी रैंक प्राप्त की है। बताया जा रहा है कि हाकम ने अपने करीबियों को भी नहीं छोड़ा। उसने अपनी एक करीबी परिचित महिला से भी चार लाख रुपये लिए और स्नातक स्तर की परीक्षा में नकल करवाई, जिसमे महिला अच्छी रैंक से पास हुई। अब एसटीएफ की रडार पर यह महिला भी आ गई है। किसी भी समय महिला की गिरफ्तारी हो सकती है। बता दें कि उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा के पेपर लीक के मामले में हाकम सिंह रावत शुरुआत से ही एसटीएफ की रडार पर थे।बैंकाक से हाकम सिंह रावत 9 अगस्त को भारत पहुंच चुका था। एसटीएफ ने शनिवार को हिमाचल प्रदेश के बार्डर आराकोट से हाकम सिंह को हिरासत में लिया। सूत्रों के अनुसार एसटीएफ ने पिछले दो दिनों से मोरी क्षेत्र में डेरा डाला हुआ था।