यूकेएसएसएसपी पेपर लीक प्रकरणः एसटीएफ ने अब आयोग में तैनात पीआरडी कर्मचारी को किया गिरफ्तार! पत्नी की लगवाई थी नौकरी, ताबड़तोड़ कार्रवाई से हड़कंप
देहरादून। यूकेएसएसएससी पेपर लीक प्रकरण में एसटीएफ ने एक और गिरफ्तारी की है। एसटीएफ ने इस मामले में अब भीमतला जिला चमोली निवासी पीआरडी कर्मचारी संजय राणा को हिरासत में लिया है। आरोप है कि पीआरडी कर्मचारी संजय राणा ने अपने घर में लखनऊ से लीक प्रश्न पत्र की फोटो कॉपी करवाकर अपनी पत्नी को पश्न पत्र देकर चयनित करवाया था। आरोपित के कब्जे से फोटो कॉपी मशीन और सीपीयू बरामद हुआ है। एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि संजय राणा वर्ष 2014 से 2022 अप्रैल तक यूकेसीएसएससी में पीआरडी कर्मचारी नियुक्त था। बता दें कि इस मामले में एसटीएफ अब तक 33 आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। इससे पहले शुक्रवार को पेपर लीक मामले में एसटीएफ ने राजकीय पॉलीटेक्निक हिंडोलाखाल के जूनियर असिस्टेंट को गिरफ्तार किया था। वह मूल रूप से लक्सर, हरिद्वार का रहने वाला है। आरोप है कि उसने कई अभ्यर्थियों को धामपुर में हाकम सिंह के सेंटर पर हल किया हुआ पेपर दिया था। इसे याद कर अभ्यर्थियों ने दोनों दिन परीक्षा में भाग लिया।