रुद्रपुर बाजार में हंगामा! निगम की कार्रवाई से भड़के व्यापारी, मेयर की मौजूदगी में शांत हुआ मामला
रुद्रपुर। रुद्रपुर के मुख्य बाजार में अतिक्रमण के खिलाफ की गई कार्रवाई में नोटिस लगाने पहुंचे नगर निगम कर्मचारियों को विरोध का सामना करना पड़ा। आरोप है कि इस दौरान मुख्य बाजार स्थित जेजे ज्वैलर्स के कर्मचारी ने नगर निगम की टीम से अभद्रता भी की और नोटिस को भी फाड़ दिया। इसके बाद नगर निगम की टीम पुलिस के साथ मंगलवार देर शाम जेजे ज्वैलर्स को सील करने के लिए पहुंच गई। इस दौरान रुद्रपुर व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने नगर निगम की टीम को जमकर खरी-खोटी सुनाई। इस दौरान व्यापारियों और नगर निगम की टीम में जोरदार बहस भी हुई, जिसके बाद पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल भी मौके पर पहुंच गए और मेयर विकास शर्मा से फोन पर बात की। जिसके बाद मेयर विकास शर्मा ने नगर निगम में बैठक बुलाई और बैठक के बाद जेजे ज्वैलर्स की दुकान को सील करने की कार्रवाई को रोकने के लिए कहा गया। वहीं उन्होंने कहा कि जो निगम द्वारा दुकान का अतिक्रमण करने पर 10,000 का चालान किया है वह भरना होगा। उन्होंने कहा कि व्यापारी अतिक्रमण न करें। इस दौरान मेयर ने व्यापारियों से सहयोग मांगते हुए कहा कि किसी भी तरह से अतिक्रमण न किया जाए, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।