• Home
  • News
  • Uproar on Mussoorie Mall Road: Heated clash with municipal team sent to remove encroachments; agitated employees threaten work boycott.

मसूरी मॉल रोड पर बवाल: अतिक्रमण हटाने गई पालिका टीम से तीखी भिड़ंत, भड़के कर्मचारियों ने दी कार्य बहिष्कार की चेतावनी

editor
  • Tapas Vishwas
  • June 21, 2026 11:06 AM
Uproar on Mussoorie Mall Road: Heated clash with municipal team sent to remove encroachments; agitated employees threaten work boycott.

मसूरी। पर्यटन नगरी मसूरी के प्रसिद्ध मॉल रोड पर अवैध पटरी कारोबार और अतिक्रमण के खिलाफ की जा रही कार्रवाई के दौरान देर रात भारी हंगामा हो गया। नगर पालिका प्रशासन की टीम जब मॉल रोड से अतिक्रमण हटाने पहुंची, तो वहां अवैध रूप से दुकान लगाने वाले कुछ लोगों ने टीम का तीखा विरोध शुरू कर दिया। पालिका प्रशासन का आरोप है कि कार्रवाई के दौरान कुछ महिलाओं और संजय टम्टा नामक व्यक्ति ने न केवल सरकारी काम में बाधा डाली, बल्कि अधिशासी अधिकारी और कर्मचारियों के साथ घोर अभद्रता भी की। इस घटना से भड़के पालिका कर्मचारियों ने अब आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर बड़े आंदोलन और कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात नगर पालिका की टीम मॉल रोड पर व्यवस्था दुरुस्त करने और अवैध रूप से काबिज पटरी दुकानदारों को हटाने के लिए अभियान चला रही थी। इसी बीच अतिक्रमणकारियों ने टीम को घेर लिया। अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने पुलिस को दी गई अपनी तहरीर में बताया कि जब टीम ने अवैध सामान को जब्त कर सरकारी वाहन में लादना शुरू किया, तो आरोपियों ने जबरन वाहन को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान टीम के साथ धक्का-मुक्की, गाली-गलौज और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई। इस घटना के बाद नगर पालिका के कर्मचारियों में गहरा आक्रोश फैल गया। नगर पालिका कर्मचारी संघ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कर्मचारी और अधिकारी देर रात ही मसूरी कोतवाली पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर अड़ गए। कर्मचारी संघ के महामंत्री चंद्रप्रकाश बडोनी और संजीव कवि ने संयुक्त रूप से कहा कि ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के साथ ऐसा बर्ताव कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने एक बड़ा खुलासा करते हुए बताया आरोपी संजय टम्टा द्वारा इससे पहले भी पालिका के एक कर्मचारी को फोन पर भयंकर धमकी दी गई थी। हमारे पास उस बातचीत की पूरी ऑडियो रिकॉर्डिंग साक्ष्य के रूप में मौजूद है, जिसे पुलिस को सौंप दिया गया है। कर्मचारी दिन-रात शहर की कानून और यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए काम कर रहे हैं, लेकिन अगर उन्हें ही सुरक्षा नहीं मिलेगी, तो वे काम बंद करने पर मजबूर होंगे। देर रात तक कोतवाली में चले हंगामे के बाद पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट नजर आया। मसूरी के कोतवाल देवेंद्र चौहान ने पालिका शिष्टमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि कर्मचारियों की तरफ से लिखित शिकायत और तकनीकी साक्ष्य प्राप्त हो चुके हैं। मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कोतवाल ने दो टूक शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी नागरिक को कानून अपने हाथ में लेने या सरकारी कार्य में बाधा डालने का अधिकार नहीं है। जो भी व्यक्ति पर्यटन नगरी की कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करेगा, पुलिस उससे कड़ाई से निपटेगी। फिलहाल इस घटना के बाद से मॉल रोड पर तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पालिका कर्मचारी पुलिसिया कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।
 


संबंधित आलेख: