उत्तराखण्डः फिल्मी स्टाइल में नशीले इंजेक्शनों की तस्करी कर रहा था शातिर बदमाश! चढ़ा पुलिस के हत्थे, हुआ बड़ा खुलासा
रुड़की। कोतवाली पुलिस और सीआईयू रूड़की की संयुक्त टीम के हाथ बड़ी सफलता लगी है। टीम ने फिल्मी स्टाइल में कार की डिग्गी में नशीले इंजेक्शन की तस्करी करने वाले शातिर नशा तस्कर को भारी मात्रा में नशे के इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार किया है। बता दें कि उत्तराखंड को ड्रग्स फ्री देवभूमि बनाने के लिए एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल की अगुवाई में हरिद्वार पुलिस की मुहिम ने एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस को डमडम चौक रुड़की में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध कार से 2915 नशीले इंजेक्शन और पचास हजार रुपए की नगदी बरामद हुई। यह रकम तस्कर ने अवैध इंजेक्शनों को बेचकर कमाई थी। गिरफ्तार तस्कर की पहचान सुलेमान पुत्र दिलशाद के रूप में हुई है। बताया गया है आरोपी पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन मुकदमों में नामजद रह चुका है। एसएसपी हरिद्वार परमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि आरोपी सुलेमान व्हाट्सएप के माध्यम से बाहरी राज्यों के सप्लायर्स से संपर्क कर सस्ते दामों में नशीले इंजेक्शन खरीद कर फिर उन्हें रुड़की व हरिद्वार क्षेत्र में ऊंचे दामों पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाता था। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम अब चिन्हित किए गए सप्लायर्स की तलाश कर पूरी सप्लाई चैन को कानून की जड़ में लाने का प्रयास कर रही है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया गया है।